V India News

Web News Channel

युवक ने जहर खाने से पहले बनाया वीडियो, इलाज के दौरान मौत; पुलिस जांच में जुटी!

उज्जैन। भैरवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम धूल महू निवासी 26 वर्षीय विकास सिंह की शुक्रवार देर शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि अस्पताल ले जाते समय विकास ने अपने मोबाइल फोन से करीब 19 सेकंड का एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। वीडियो में उसने कुछ लोगों पर प्रताड़ित करने और विभिन्न मामलों में झूठा फंसाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मोबाइल और वीडियो को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

वीडियो में विकास ने दावा किया कि उसकी सगाई एक युवती से हुई थी और इस दौरान युवती के परिजनों ने उससे 10 लाख रुपये लिए थे। उसका आरोप है कि बाद में सगाई तोड़ दी गई, युवती की शादी दूसरी जगह कर दी गई और उसके खिलाफ कानूनी मामले दर्ज करा दिए गए। वीडियो में उसने कहा कि इन परिस्थितियों से परेशान होकर उसने सल्फास खा लिया।

मृतक के भाई लालजी ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले विकास की सगाई हुई थी, लेकिन बाद में रिश्ता टूट गया। इसके बावजूद विकास और युवती साथ रहने लगे थे। इसी मामले में युवती के परिजनों ने नागझिरी थाने में विकास के खिलाफ दुष्कर्म और अपहरण का मामला दर्ज कराया था।

परिजनों का आरोप है कि कानूनी मामलों और मानसिक तनाव के चलते विकास ने यह कदम उठाया। पुलिस का कहना है कि वीडियो, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।