V India News

Web News Channel

महामंडलेश्वर ज्ञानदास पर दुष्कर्म सहित गंभीर आरोप, एफआईआर दर्ज; पुलिस जांच में जुटी!

उज्जैन। दादू आश्रम के महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट, धमकी और ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर आरोपों में महाकाल थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस उनकी तलाश कर रही है। वहीं, उनके शिष्यों का कहना है कि महाराज की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस के अनुसार, एक महिला की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। महिला ने आरोप लगाया है कि आश्रम में रहने के दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई, जान से मारने की धमकी दी गई तथा आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया।

शिकायत में महिला ने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले उसकी पहचान ज्ञानदास महाराज से सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। इसके बाद गुरु पूर्णिमा 2025 के दौरान वह अपने भाई के साथ दादू आश्रम पहुंची, जहां कथित रूप से यह घटनाक्रम हुआ।

वहीं, ज्ञानदास महाराज ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि महिला उन्हें लंबे समय से ब्लैकमेल कर रही थी और हनीट्रैप में फंसाने का प्रयास कर रही थी। उन्होंने दावा किया है कि अपने पक्ष के समर्थन में ऑडियो, वीडियो और अन्य दस्तावेज पुलिस को सौंप दिए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। शिकायतकर्ता, आरोपी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जाएगी तथा तथ्यों के अनुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।