उज्जैन। मध्य प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री और छह बार विधायक रहे पारस जैन का सोमवार सुबह 77 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थे और इंदौर के जुपिटर अस्पताल में उपचाराधीन थे। बताया जाता है कि उन्होंने तीन दिन पहले जैन धर्म की परंपरा के अनुसार संथारा ग्रहण किया था। उनके निधन से प्रदेश की राजनीति और सामाजिक जीवन में शोक की लहर है।
पारस जैन का पार्थिव शरीर इंदौर से उज्जैन लाया गया, जहां हीरा मिल मार्ग स्थित अरिहंत नगर स्थित उनके निवास से अंतिम यात्रा निकाली गई। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य और आम नागरिक पहुंचे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पारस जैन के पार्थिव शरीर पर भाजपा का ध्वज अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि पारस जैन ने मंत्री रहते हुए प्रदेश और जनता के हित में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए। संगठन और चुनावी अभियानों में उनके साथ बिताए गए पल हमेशा स्मरणीय रहेंगे। मुख्यमंत्री ने उनके निधन को भाजपा परिवार और प्रदेश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
पारस जैन उज्जैन उत्तर विधानसभा क्षेत्र से छह बार विधायक निर्वाचित हुए और लंबे समय तक भाजपा संगठन तथा राज्य सरकार में सक्रिय भूमिका निभाई। मंत्री के रूप में उन्होंने क्षेत्र के विकास और जनकल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों को आगे बढ़ाया। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्हें पार्टी का टिकट नहीं मिला था, लेकिन इसके बावजूद वे संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच लगातार सक्रिय बने रहे।
उनके निधन पर भाजपा नेताओं, विभिन्न सामाजिक संगठनों तथा हजारों समर्थकों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें एक सरल, कर्मठ और जनप्रिय जननेता के रूप में याद किया।

More Stories
उज्जैन में युवा धर्म संसद का आगाज, आज मोहन भागवत युवाओं को करेंगे संबोधित
पीएम मोदी के जन्मदिन पर जगमगाई महाकाल की नगरी, महाकाल मंदिर में विशेष पूजन-अर्चन
महाकाल की भस्म आरती में लीन हुए भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन, देश की समृद्धि के लिए की प्रार्थना