महाराष्ट्र के नागपुर शहर के पास गुरुवार दोपहर में एक विस्फोटक बनाने वाली फैक्ट्री में हुए विस्फोट में कम से कम पांच कर्मचारियों की मौत हो गई। जबकि पांच अन्य घायल हो गए, जिनमें से कुछ की हालत बेहद गंभीर है।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना नागपुर शहर से लगभग 25 किमी दूर हिंगना पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत धमना गांव (Dhamna) में मौजूद चमुंडी एक्सप्लोसिव प्राइवेट लिमिटेड (Chamundi Explosive Pvt Ltd) में हुई।
विस्फोटक पैक करते समय हुआ हादसा
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि धमाका दोपहर करीब एक बजे तब हुआ जब कुछ कर्मचारी विस्फोटक पैक कर रहे थे। अभी मामले में अधिक जानकारी जुटाने के लिए जांच की जा रही है। उधर, धमाके की सूचना मिलते ही एनसीपी नेता अनिल देशमुख मौके पर पहुंचे हैं।
4 महिलाओं ने गंवाई जान
नागपुर के पुलिस कमिश्नर रविंदर सिंघल (Ravinder Singhal) ने कहा, “इस घटना में करीब 4-5 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 4 महिलाएं भी शामिल हैं। हमारी जांच जारी है। स्थानीय पुलिस, क्राइम ब्रांच और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं… दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।”
फैक्ट्री का मालिक और मैनेजर फरार
एनसीपी (शरद पवार) नेता अनिल देशमुख ने कहा, ”विस्फोट की यह घटना धमना गांव के पास एक विस्फोटक इकाई में हुई है। घटना आज दोपहर में हुई… इसमें लगभग 5 कामगारों की मौत हुई है व कई लोग घायल हैं। घटना के बाद से यहां का मालिक और मैनेजर फरार हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है… विस्फोटक विभाग की एक टीम मौके पर है और आगे की जांच चल रही है।”

More Stories
कोलकाता भगदड़ में 19 मौतें, 5 ICU में भर्ती:गृह मंत्री शाह घायलों से मिले; 7 आरोपी गिरफ्तार
दुर्गा पूजा से पहले पश्चिम बंगाल सरकार के बड़े फैसले, अष्टमी पर शराबबंदी से लेकर DJ पर रोक तक
झारखंड में छात्रों पर लाठीचार्ज, भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी के खिलाफ प्रदर्शन ने लिया उग्र रूप