V India News

Web News Channel

उज्जैन में पंचायत सचिव 30 हजार रुपए लेते गिरफ्तार!

उज्जैन। मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत लोकायुक्त पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पंचायत सचिव और उसके साथी ठेकेदार को 30 हजार रूपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई लोकायुक्त पुलिस उज्जैन की टीम ने पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त भोपाल के निर्देश और पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त उज्जैन के मार्गदर्शन पर की गई। फ़िलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

निर्माण कार्यों की स्वीकृति के बदले पंचायत सचिव ने मांगी घूस 

जानकारी के अनुसार ग्राम बोरदा मांडा निवासी सरपंच राजेश चतुर्वेदी ने लोकायुक्त कार्यालय उज्जैन में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम पंचायत बोरदा मांडा में करवाए गए निर्माण कार्यों की स्वीकृति के बदले पंचायत सचिव दरबार सिंह राठौड़ द्वारा 45 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत में यह भी बताया गया कि सचिव पहले ही 15 हजार रुपये ले चुका है और शेष 30 हजार रुपये की मांग कर रहा है।

आरोपी को ट्रैप करने के लिए लोकायुक्त ने बनाया प्लान

शिकायत सही पाए जाने पर लोकायुक्त टीम ने आरोपी को ट्रैप करने का प्लान बनाया और जब फरयादी रिश्वत की किस्त लेकर पहुंचा तो लोकायुक्त पुलिस ने  सचिव दरबार सिंह राठौड़ और उसके साथी ठेकेदार कमल बंजारा को पैसे लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज

इस कार्रवाई में लोकायुक्त दल के उप पुलिस अधीक्षक राजेश पाठक, निरीक्षक दीपक सेजवार, आरक्षक श्याम शर्मा, आरक्षक संजीव कुमारिया, आरक्षक इसरार, सहायक ग्रेड-3 रमेश डाबर सहित पंच साक्षियों के साथ कुल 10 सदस्यीय टीम शामिल रही। लोकायुक्त पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।