भोपाल। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। गुरुवार, 5 नवंबर को नाम वापसी की समयसीमा समाप्त होने के बाद उनके मुकाबले कोई उम्मीदवार मैदान में नहीं बचा। इसके साथ ही राज्यसभा उपचुनाव में उनकी जीत तय हो गई। मध्य प्रदेश विधानसभा के रिटर्निंग ऑफिसर उमेश कुमार शर्मा ने उन्हें निर्वाचन प्रमाणपत्र सौंपा। इस दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और विधायक मौजूद रहे।
दो उम्मीदवारों के नामांकन हुए खारिज
राज्यसभा की इस सीट पर हरदीप सिंह पुरी के अलावा राजकुमार लोहानी और कांते सयन्ना ने भी नामांकन दाखिल किया था। हालांकि, नामांकन पत्रों की जांच के दौरान दोनों के पर्चे खारिज कर दिए गए।
रिटर्निंग ऑफिसर के अनुसार, कांते सयन्ना के नामांकन में आवश्यक प्रस्तावकों के हस्ताक्षर नहीं थे। वहीं, राजकुमार लोहानी निर्धारित समयसीमा में फॉर्म-26 का अनिवार्य शपथपत्र जमा नहीं कर सके। इसके चलते दोनों के नामांकन अमान्य घोषित कर दिए गए।
कांग्रेस की आपत्तियां भी नहीं आईं काम
हरदीप सिंह पुरी ने 31 अक्टूबर को भोपाल स्थित मध्य प्रदेश विधानसभा में अपना नामांकन दाखिल किया था। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और जगदीश देवड़ा सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
नामांकन की जांच के दौरान कांग्रेस नेताओं और निर्दलीय उम्मीदवारों की ओर से भी पुरी के पर्चे पर आपत्तियां दर्ज कराई गई थीं। हालांकि, रिटर्निंग ऑफिसर ने इन आपत्तियों को खारिज करते हुए उनका नामांकन वैध घोषित कर दिया।
एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई थी सीट
मध्य प्रदेश की राज्यसभा की यह सीट केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। उन्होंने 14 अक्टूबर को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। उनका कार्यकाल मूल रूप से 2 अप्रैल 2030 तक निर्धारित था।
इस सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने हरदीप सिंह पुरी को अपना उम्मीदवार बनाया था। दो अन्य उम्मीदवारों के नामांकन खारिज होने और नाम वापसी की समयसीमा तक किसी अन्य प्रत्याशी के मैदान में नहीं रहने के कारण पुरी निर्विरोध निर्वाचित हो गए। इस तरह राज्यसभा की इस सीट पर मतदान कराने की आवश्यकता नहीं पड़ी।

More Stories
कांग्रेस का आज देशव्यापी प्रदर्शन: सीईसी के विरोध में सड़कों पर उतरेगी पार्टी
25 साल का सफर: गुजरात से दिल्ली तक मोदी की राजनीति
बालाघाट में बच्चों की मौत पर राहुल गांधी का दौरा!