उज्जैन। शहर के उदयन मार्ग पर गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में एसडीएम लक्ष्मीनारायण गर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। रात करीब 10:30 बजे भोजन के बाद टहलने निकले एसडीएम को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में उनकी गर्दन में चोट आई है, जबकि बाईं आंख के ऊपर की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है। उन्हें तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उपचार जारी है।
शासकीय आवास से 100 मीटर दूर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, एसडीएम लक्ष्मीनारायण गर्ग हाईकोर्ट से संबंधित काम निपटाकर अपने शासकीय आवास लौटे थे। रात में भोजन करने के बाद वह रोज की तरह टहलने के लिए बाहर निकले। आवास से करीब 100 मीटर आगे बढ़े ही थे कि पीछे से आए बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से एसडीएम सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें उठाया और तीन बत्ती चौराहा स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
बाइक चालक भी घायल, हादसे की जांच जारी
हादसे में बाइक चालक को भी चोटें आई हैं। हालांकि, बाइक चालक की पहचान, वाहन की गति और दुर्घटना के वास्तविक कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच के बाद ही हादसे से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
पैदल राहगीरों की सुरक्षा पर फिर सवाल
शहर के व्यस्त मार्गों पर रात के समय तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही पैदल चलने वालों के लिए खतरा बनती जा रही है। एसडीएम के साथ हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहन चालकों की जिम्मेदारी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल सभी की नजरें एसडीएम के स्वास्थ्य में सुधार और पुलिस जांच पर टिकी हैं।

More Stories
उज्ज्वला योजना में कथित फर्जीवाड़े के नाम पर रिश्वत, 20 हजार लेते एडीएम कार्यालय का बाबू गिरफ्तार
28 दिन बाद भी FIR नहीं होने पर आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन, पुलिस ने मजदूर चौराहे पर रोका
दिवाली से पहले उज्जैन पुलिस का तोहफा, 522 लोगों को लौटाए गुम मोबाइल; कीमत करीब 1 करोड़ रुपये