V India News

Web News Channel

नाबालिग की हत्या के आरोपी का जमानत पर बाहर आते ही शक्ति प्रदर्शन, बोलेरो के बोनट पर बैठकर निकाली रैली

सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में नाबालिग की हत्या के मामले में जमानत पर जेल से बाहर आए आरोपी मान सिंह उर्फ ‘बेटू’ का समर्थकों ने फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया। इसके बाद शहर में बाइक और गाड़ियों के काफिले के साथ रैली निकाली गई। इस दौरान आरोपी चलती बोलेरो के बोनट पर बैठकर सिगरेट पीता नजर आया। रैली का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

जेल से बाहर आते ही समर्थकों ने निकाली रैली

जानकारी के अनुसार, मान सिंह उर्फ बेटू अपने चार साथियों के साथ नाबालिग की हत्या के मामले में पिछले 14 महीनों से जेल में बंद था। अदालत से जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आते ही समर्थकों ने उसका फूल-मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद आरोपी बोलेरो के बोनट पर बैठ गया और हाथ में सिगरेट लेकर शहर की सड़कों पर निकला।

रैली में दर्जनों बाइक सवार समर्थक भी शामिल थे, जो नारेबाजी करते हुए उसके पीछे चल रहे थे। यह काफिला शहर के कोलगवां थाना क्षेत्र से गुजरते हुए सिद्धार्थ नगर पहुंचा, जहां कथित तौर पर शक्ति प्रदर्शन समाप्त हुआ।

कोलगवां थाने के सामने से गुजरा काफिला

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर हो रही है कि रैली कोलगवां थाने के ठीक सामने से भी गुजरी, लेकिन मौके पर पुलिस की ओर से तत्काल कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई। चलती गाड़ी के बोनट पर बैठना और बाइक सवारों का काफिले के रूप में हुड़दंग करना यातायात नियमों के उल्लंघन से जुड़ा मामला है।

वीडियो वायरल, पुलिस की कार्रवाई पर नजर

रैली का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आम लोगों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह का प्रदर्शन यातायात और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है।

अब सवाल यह है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी और रैली में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन तथा अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत क्या कार्रवाई की जाती है। फिलहाल पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई और जांच से जुड़ी जानकारी सामने आने का इंतजार है।