मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में बुधवार को एक दर्दनाक रेल हादसे में लोको पायलट की जान चली गई। इटारसी रेलवे जंक्शन के अंतर्गत ताकू रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी लेकर जा रहे लोको पायलट विश्वनाथ बगदरे दूसरी पटरी से गुजर रही तेज रफ्तार एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद रेलवे और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
सिग्नल नहीं मिलने पर स्टेशन पर रुकी थी मालगाड़ी
जानकारी के अनुसार, बैतूल निवासी विश्वनाथ बगदरे बुधवार को आमला से मालगाड़ी लेकर इटारसी की ओर आ रहे थे। दोपहर करीब 2:10 बजे ताकू रेलवे स्टेशन पर उनकी मालगाड़ी को आगे बढ़ने के लिए सिग्नल नहीं मिला। इसके चलते ट्रेन स्टेशन पर रुक गई।
बताया जा रहा है कि सिग्नल मिलने का इंतजार करते समय लोको पायलट ट्रेन से नीचे उतर आए और पास की दूसरी पटरी के नजदीक खड़े हो गए। इसी दौरान थ्रू लाइन से तेज रफ्तार एक्सप्रेस ट्रेन गुजर रही थी, जिसकी चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बैतूल के रहने वाले थे मृतक
मृतक की पहचान विश्वनाथ बगदरे के रूप में हुई है। वह बैतूल के निवासी थे और उनके पिता का नाम रामाजी बगदरे बताया गया है। ड्यूटी के दौरान हुए इस हादसे की खबर से रेलवे कर्मचारियों और उनके परिचितों में शोक का माहौल है।
पुलिस और रेलवे कर रहे जांच
केसला थाना प्रभारी सुंदरलाल पंवार के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल जांच की जा रही है कि मालगाड़ी रुकने के बाद लोको पायलट किस परिस्थिति में ट्रेन से नीचे उतरे और दूसरी पटरी के पास क्यों खड़े थे। साथ ही हादसे के समय रेलवे ट्रैक पर यातायात की स्थिति और सुरक्षा संबंधी पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

More Stories
नाबालिग की हत्या के आरोपी का जमानत पर बाहर आते ही शक्ति प्रदर्शन, बोलेरो के बोनट पर बैठकर निकाली रैली
जबलपुर IIITDM के हॉस्टल में छात्रा ने की आत्महत्या, तेलंगाना की रहने वाली थी 20 वर्षीय वैष्णवी
भोपाल में RTI एक्टिविस्ट अजय पाटीदार पर जानलेवा हमला!