इंदौर के बंगाली चौराहे के पास स्थित एक कॉलोनी में बुधवार भोर में भीषण हादसा हो गया। एक मकान के बाहर खड़ी इलेक्ट्रिक कार में चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इस हादसे में आठ लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जांच के अनुसार, पुगलिया परिवार के घर के बाहर देर रात इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग पर लगी हुई थी। सुबह करीब 4 बजे चार्जिंग पॉइंट में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे कार में आग लग गई। आग तेजी से फैलते हुए घर तक पहुंच गई और अंदर रखे गैस सिलेंडरों को अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगने के बाद घर में रखे सिलेंडरों में धमाके शुरू हो गए। बताया जा रहा है कि एक के बाद एक चार सिलेंडर फटे, जिससे पूरा इलाका दहल उठा। विस्फोट इतना तेज था कि मकान का एक हिस्सा ढह गया और अंदर सो रहे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
घटना के समय पुगलिया परिवार के यहां एक पारिवारिक कार्यक्रम था, जिसके चलते कई रिश्तेदार भी घर पर रुके हुए थे। इसी कारण जनहानि ज्यादा हुई। अब तक आठ लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के मुताबिक, तिलक नगर थाना क्षेत्र में सुबह 4 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। तीन मंजिला मकान में मनोज सेठिया का परिवार रहता था, जहां से प्रारंभिक कार्रवाई में तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि घर में इलेक्ट्रॉनिक लॉक लगे हुए थे। आग के दौरान बिजली सप्लाई बंद हो जाने से ये लॉक नहीं खुल सके, जिससे अंदर फंसे लोगों को बाहर निकलने में काफी दिक्कत हुई। दरवाजे तोड़कर रेस्क्यू करना पड़ा। प्रारंभिक तौर पर यह भी माना जा रहा है कि आग के कारण घर में रखे गैस सिलेंडरों में विस्फोट हुआ, जिससे हादसा और भी भयावह हो गया।

More Stories
नकली रेड डालने वाले आठ आरोपी गिरफ्तार, फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बनकर किया था कांड!
ड्यूटी से नदारद टीआई को SP की अनोखी सजा, दिनभर खड़े रहने का आदेश!
पीएम मोदी की मिमिक्री करना सरकारी शिक्षक पर पड़ी भारी!