V India News

Web News Channel

लोकसभा चुनाव: मप्र की 9 सीटों पर 1.77 करोड़ मतदाता 127 प्रत्याशियों की किस्मत का कल करेंगे फैसला!

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में मध्य प्रदेश में 9 सीटों पर मंगलवार को वोटिंग होंगी। कुल 127 प्रत्याशी मैदान में है। इनमें राजगढ़, गुना, विदिशा सीट पर दिग्गज चुनाव लड़ रहे है। इसमें चार सीटें मुरैना, ग्वालियर, गुना और भिंड ग्वालियर-चंबल क्षेत्र, एक सीट सागर बुंदेलखंड और चार सीटें राजगढ़, विदिशा, भोपाल और बैतूल मध्य भारत में है। बैतूल सीट में दूसरे चरण में मतदान होना था, लेकिन बसपा प्रत्याशी की हार्ट अटैक से मौत के बाद चुनाव कार्यक्रम संशोधित किया गया।

तीसरे चरण की 9 सीटों पर मंगलवार को सुबह 7 बजे मतदान शुरू होगा। 1 करोड़ 77 लाख 52 हजार 583 मतदाता प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। इसमें 92 लाख 68 हजार 987 पुरुष और 84 लाख 83 हजार 105 महिला मतदाता है।इसके अलावा 491 थर्ड जेंडर है। भोपाल में सबसे ज्यादा 22 और अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित भिंड सीट पर सबसे कम 7 प्रत्याशी मैदान में है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि गर्मी को देखते हुए मतदान केंद्रों पर पूरी व्यवस्था की गई है। मतदान केंद्रों पर डॉक्टर, दवाईयां से लेकर अन्य सभी व्यवस्थाएं की गई है। इसके साथ ही दिव्यांग, बुजुर्गों को लाइन में खड़ा ना रहना पड़े, तुरंत मतदान करें इसकी व्यवस्था की गई है। साथ ही केंद्रों पर पानी से लेकर अन्य पेयपदार्थों की भी व्यवस्था की गई।

तीसरे चरण में 20 हजार 456 मतदान केंद्र बनाएं गए है। इनमें 2043 मतदान केंद्र महिलाओं द्वारा संचालित किए जाएंगे। वहीं, 860 मतदान केंद्र आदर्श मतदान केंद्र बनाएं गए है। 75 मतदान केंद्रों को दिव्यांग संचालित करेंगे। इनमें 5744 क्रिटकल मतदान केंद है। जहां सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए है।