उज्जैन। बाबा महाकाल के दर्शन के लिए जम्मू से उज्जैन आए श्रद्धालुओं को चोरी की वारदात का सामना करना पड़ा। इंदौर गेट क्षेत्र में होटल के बाहर खड़ी कार से एक बदमाश लाखों रुपये का सामान चोरी कर ले गया। हैरानी की बात यह रही कि आरोपी करीब पांच मिनट तक कार के अंदर रहा और बेखौफ होकर सामान समेटता रहा। पूरी घटना होटल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
पुलिस के अनुसार जम्मू के रामपुरा निवासी वरुण शर्मा, जो मीडियाकर्मी हैं, अपनी मंगेतर गीतांजलि शर्मा, बुआ सुशीला शर्मा और गुरु साहिल शर्मा के साथ उज्जैन आए थे। बुधवार सुबह करीब 11 बजे उन्होंने अपनी कार इंदौर गेट स्थित एक होटल के बाहर खड़ी की थी।
कार का दरवाजा खोलकर सामान किया पार
इसी दौरान एक अज्ञात युवक कार के पास पहुंचा और उसका दरवाजा खोलकर अंदर रखा सामान निकाल लिया। वरुण शर्मा के मुताबिक, चोरी हुए सामान में गुरुजी के करीब 25 कीमती चोले, एक लैपटाप, मोबाइल फोन, 15 हजार रुपये नकद और एक सूटकेस शामिल है।
पांच मिनट तक कार में बैठा रहा
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी कार के अंदर करीब पांच मिनट तक दिखाई दे रहा है। वह बेखौफ होकर सामान निकालता रहा। इतना ही नहीं, आरोपी ने कार में रखे महंगे जूते भी पहन लिए और इसके बाद चोरी का सामान लेकर मौके से निकल गया।
वारदात की जानकारी मिलने पर श्रद्धालुओं ने पुलिस को सूचना दी। महाकाल थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके।

More Stories
इंस्टाग्राम की दोस्ती से शुरू हुआ रिश्ता, अश्लील फोटो-वीडियो के नाम पर ब्लैकमेलिंग का आरोप
कंठाल के हनुमान मंदिर को हटाने की खबर पर भड़का विरोध
श्रावण की बधाई मांगने को लेकर विवाद, किन्नरों के दो गुटों में मारपीट