उज्जैन। सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती एक विवाहित महिला के लिए परेशानी का कारण बन गई। आरोप है कि इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क में आए युवक ने महिला से नजदीकियां बढ़ाईं और बाद में आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। महिला का आरोप है कि आरोपी ने डराकर उससे करीब पांच लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी ले ली। इसके बावजूद उसकी रुपये की मांग जारी रही।
पीड़िता की शिकायत पर चिमनगंज मंडी थाना पुलिस ने दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया है।
2022 में इंस्टाग्राम पर हुई थी पहचान
पुलिस के मुताबिक, थाना क्षेत्र की रहने वाली विवाहिता की वर्ष 2022 में इंस्टाग्राम के माध्यम से नागदा के प्रकाश नगर निवासी दुर्गेश परमार से पहचान हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच कथित तौर पर प्रेम संबंध बन गए। इस दौरान आरोपी के कई बार उज्जैन आने और महिला से मिलने की बात भी सामने आई है।
आपत्तिजनक वीडियो के नाम पर धमकाने का आरोप
महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और मुलाकातों के दौरान उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना लिए। आरोप है कि बाद में इन्हीं फोटो-वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ने महिला से जेवरात और नकदी हासिल की, जिनकी कुल कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, इसके बाद भी आरोपी लगातार महिला से रुपये की मांग करता रहा। परेशान होकर महिला ने पुलिस से शिकायत की।
शिकायत के आधार पर चिमनगंज मंडी थाना पुलिस ने आरोपी दुर्गेश परमार के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

More Stories
महाकाल दर्शन को आए श्रद्धालुओं की कार में चोरी, लाखों का सामान ले गया बदमाश
कंठाल के हनुमान मंदिर को हटाने की खबर पर भड़का विरोध
श्रावण की बधाई मांगने को लेकर विवाद, किन्नरों के दो गुटों में मारपीट