V India News

Web News Channel

पेंचवैली एक्सप्रेस के एसी कोच में शॉर्ट सर्किट, धुएं से मची अफरा-तफरी

इटारसी। नैनपुर-इंदौर पेंचवैली एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 19344) के बी-2 एसी कोच में बुधवार तड़के शॉर्ट सर्किट होने से बड़ा हादसा टल गया। घटना सुबह करीब 4 बजे इटारसी से पहले पोला पत्थर स्टेशन के पास हुई, जब एसी पैनल से धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में पूरा कोच धुएं से भर गया। इससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

बी-2 कोच में कुल 72 यात्री सवार थे। तड़के का समय होने के कारण अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। धुआं फैलते ही यात्रियों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई। समय रहते ट्रेन रोककर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

धुएं से भर गया पूरा कोच

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एसी पैनल से पहले चिंगारियां निकलीं और फिर तेजी से धुआं फैल गया। फायर अलार्म बजने लगे और कोच की बिजली बार-बार बंद-चालू होने लगी। घबराए यात्री अपनी जान बचाने के लिए सामान तक छोड़कर कोच से बाहर निकल आए।

35 अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के करीब 35 अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। तकनीकी टीम ने जांच कर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद बी-2 कोच के यात्रियों को अन्य डिब्बों में स्थानांतरित किया गया और ट्रेन को आगे के गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में घटना का कारण एसी पैनल में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।