उज्जैन। पैरालिसिस के मरीज को महज एक घंटे में पूरी तरह ठीक करने का दावा कर लाखों रुपये की ठगी की कोशिश का मामला सामने आया है। माधवनगर थाना क्षेत्र के सेठीनगर निवासी कोचिंग संचालक अमितेश शुक्ला की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोपी खुद को नेचरोपैथी विशेषज्ञ बताकर इलाज के नाम पर 3.35 लाख रुपये का बिल थमाकर फरार हो गया।
अमितेश शुक्ला के अनुसार वे पिछले 13 वर्षों से पैरालिसिस से पीड़ित हैं। करीब एक सप्ताह पहले भोपाल से लौटते समय वे अपने दोस्त धीरेंद्र सेंगर के साथ एक ढाबे पर चाय पी रहे थे। इसी दौरान अशोक शर्मा नामक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया और एक कथित डॉक्टर रुस्तम का मोबाइल नंबर देते हुए पैरालिसिस का इलाज करने का दावा किया।
बुधवार को डॉ. रुस्तम एक हजार रुपये विजिट फीस लेकर अमितेश के घर पहुंचा। जांच के बाद उसने नसों में किसी तरह का पदार्थ जमा होने की बात कही और इसे निकालना जरूरी बताया। इसके बाद 4,500 रुपये लेकर उसने हाथ में छोटा चीरा लगाकर करीब दो घंटे तक एक प्रक्रिया की। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान स्टील की फनल के जरिए मवाद निकालने जैसी प्रक्रिया का दिखावा किया गया।
3.35 लाख रुपये का बिल थमाया
कथित उपचार के बाद आरोपी ने अमितेश को 3 लाख 35 हजार रुपये का बिल थमा दिया। उसने दावा किया कि कुल 60 प्रक्रियाएं की गई हैं और प्रत्येक के 4,000 रुपये के हिसाब से रकम बनी है। आरोपी ने यह भी कहा कि तत्काल भुगतान करने पर मरीज शाम तक पूरी तरह ठीक हो जाएगा।
इतनी बड़ी रकम नकद उपलब्ध नहीं होने पर अमितेश ने आरोपी को 3 लाख रुपये का चेक दे दिया। हालांकि उसके जाने के बाद अमितेश और उनके दोस्त को पूरे मामले पर संदेह हुआ। दोनों तत्काल बैंक ऑफ इंडिया पहुंचे और चेक का भुगतान रुकवा दिया।
थाने बुलाने पर मोबाइल बंद
इसके बाद अमितेश ने माधवनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी को फोन कर पूछताछ के लिए थाने बुलाया। आरोपी ने आने की बात कही, लेकिन इसके बाद अपना मोबाइल बंद कर दिया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
महाराष्ट्र के गिरोह से जुड़े होने की आशंका
पुलिस सूत्रों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी किसी ऐसे गिरोह से जुड़ा हो सकता है, जो गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को चमत्कारी इलाज का झांसा देकर ठगी का प्रयास करता है। पुलिस मामले में आरोपी की पहचान, उसके नेटवर्क और कथित इलाज के तरीके की जांच कर रही है।

More Stories
महाकाल दर्शन को आए श्रद्धालुओं की कार में चोरी, लाखों का सामान ले गया बदमाश
इंस्टाग्राम की दोस्ती से शुरू हुआ रिश्ता, अश्लील फोटो-वीडियो के नाम पर ब्लैकमेलिंग का आरोप
कंठाल के हनुमान मंदिर को हटाने की खबर पर भड़का विरोध