उज्जैन। श्रावण महीने में बधाई और नेंग मांगने को लेकर उज्जैन जिले की महिदपुर तहसील के ग्राम खुरचेनिया प्रताप में किन्नरों के दो गुट आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई और लाठी-डंडे चलने लगे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गांव में आक्रोश फैल गया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को किन्नरों का एक गुट गांव में घर-घर जाकर श्रावण की बधाई और नेंग मांग रहा था। इसी दौरान दूसरा गुट वहां पहुंचा और पहले गुट पर फर्जी किन्नर बनकर नेंग मांगने का आरोप लगाया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
दौड़ा-दौड़ाकर पीटने का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दूसरे गुट के कुछ लोगों ने लकड़ी और लाठियों से हमला कर तीन लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे ग्रामीणों को भी कथित तौर पर धमकाया गया। घटना के दौरान एक ग्रामीण ने पूरी मारपीट का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया।
वायरल वीडियो में कुछ लोग लाठी-डंडों से हमला करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में बुजुर्गों सहित कुछ अन्य लोगों के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट के दृश्य भी दिखाई दे रहे हैं।
पंचायत ने लिया बड़ा फैसला
घटना के बाद ग्रामीणों ने चौपाल लगाकर पंचायत की। पंचायत में भविष्य में किसी भी किन्नर गुट को गांव में प्रवेश नहीं देने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा मांगलिक कार्यक्रमों और अन्य अवसरों पर नेंग लेने-देने पर भी रोक लगाने की बात कही गई।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि कोई गुट दोबारा गांव में आता है तो पुलिस को सूचना देकर कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी।
पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने घटना की लिखित शिकायत पुलिस को सौंपकर वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

More Stories
महाकाल दर्शन को आए श्रद्धालुओं की कार में चोरी, लाखों का सामान ले गया बदमाश
इंस्टाग्राम की दोस्ती से शुरू हुआ रिश्ता, अश्लील फोटो-वीडियो के नाम पर ब्लैकमेलिंग का आरोप
कंठाल के हनुमान मंदिर को हटाने की खबर पर भड़का विरोध