V India News

Web News Channel

सिंहस्थ 2028 की तैयारियों का जायजा लेने CM मोहन यादव का औचक निरीक्षण, सड़क चौड़ीकरण कार्यों की ली जानकारी

उज्जैन। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों का जायजा लेते हुए नीलगंगा चौराहे से नानाखेड़ा चौराहे तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण और निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु उज्जैन पहुंचेंगे। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम यातायात और सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने स्थानीय नागरिकों द्वारा स्वेच्छा से अपने मकान और मंदिर पीछे हटाकर सड़क चौड़ीकरण में दिए गए सहयोग की सराहना की। उन्होंने इसे उज्जैन की गौरवशाली परंपरा और सामाजिक सहभागिता का उदाहरण बताया।

नीलगंगा-नानाखेड़ा मार्ग से सुधरेगा यातायात

मुख्यमंत्री ने बताया कि नीलगंगा चौराहे को नानाखेड़ा बस स्टैंड से जोड़ने वाला यह महत्वपूर्ण मार्ग आगे चलकर एलिवेटेड ब्रिज से भी जुड़ेगा। इससे पुराने और नए शहर के बीच आवागमन आसान होने के साथ ही यातायात के दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क एवं अन्य निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न हो और सभी कार्य तय समय सीमा में पूरे किए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ के दौरान लाखों-करोड़ों श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन को देखते हुए इस मार्ग का चौड़ीकरण बेहद महत्वपूर्ण है।

उज्जैन में बढ़ा धार्मिक पर्यटन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि महाकाल लोक के निर्माण के बाद उज्जैन में धार्मिक पर्यटन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उनके अनुसार वर्ष 2022-23 में उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या करीब 60 से 70 लाख थी, जो पिछले वर्ष बढ़कर आठ करोड़ से अधिक हो गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या 12 करोड़ से अधिक पहुंचने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि उज्जैन और इंदौर धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्रों के रूप में तेजी से उभर रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या से क्षेत्र की स्थानीय अर्थव्यवस्था और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिल रही है।

जैन श्वेतांबर मंदिर में किया पूजन

मार्ग निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव माधवनगर स्थित श्री जैन श्वेतांबर मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान शीतलनाथ स्वामी के दर्शन और पूजन किए। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में बनने वाले नवीन उपाश्रय भवन का भूमिपूजन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान महावीर के त्याग, संयम, अहिंसा और करुणा के सिद्धांत आज भी मानवता को सही मार्ग दिखाते हैं।

उन्होंने बताया कि ‘तीन धाम, एक मुकाम’ की अवधारणा पर आधारित नवीन भवन में मणिभद्र भगवान का मंदिर और आधुनिक ई-लाइब्रेरी भी स्थापित की जाएगी।

कार्यक्रम में सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, सभापति कलावती यादव सहित समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे।