उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में भस्मआरती के नाम पर श्रद्धालुओं से ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। मेरठ से उज्जैन आने की तैयारी कर रहे 13 श्रद्धालुओं से कथित ट्रेवल एजेंसी ने भस्मआरती के लिए 30 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद श्रद्धालुओं को भरोसा दिलाने के लिए भस्मआरती का फर्जी VIP पास भी बनाकर भेज दिया गया।
मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब श्रद्धालुओं ने उज्जैन रवाना होने से पहले ट्रेवल एजेंट से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की। एजेंट का मोबाइल फोन बंद मिला। कई बार संपर्क करने के प्रयास के बाद जब कोई जवाब नहीं मिला तो श्रद्धालुओं को अपने साथ हुई ठगी का पता चला।
इसके बाद पीड़ित श्रद्धालुओं ने मामले की ऑनलाइन शिकायत मेरठ साइबर सेल में दर्ज कराई है।
गूगल पर सर्च कर ट्रेवल एजेंसी से किया था संपर्क
मेरठ के पल्लवपुरम निवासी रतन शर्मा अपने परिवार और परिचितों सहित कुल 13 श्रद्धालुओं के साथ उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर की भस्मआरती में शामिल होने की तैयारी कर रहे थे।
भस्मआरती की बुकिंग के लिए उन्होंने ऑनलाइन गूगल पर ट्रेवल एजेंसी की जानकारी तलाश की। इसी दौरान उन्हें सोशल मीडिया पर एक ट्रेवल एजेंसी का विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बाद कथित एजेंट ने भस्मआरती की बुकिंग कराने का भरोसा दिलाया।
एजेंट के कहने पर श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन माध्यम से करीब 30 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उन्हें भस्मआरती का VIP पास भी भेज दिया गया, जिससे श्रद्धालुओं को लगा कि उनकी बुकिंग हो चुकी है।
उज्जैन आने से पहले हुआ ठगी का खुलासा
उज्जैन रवाना होने से पहले श्रद्धालुओं ने जब संबंधित ट्रेवल एजेंट से दोबारा संपर्क किया तो मोबाइल फोन बंद मिला। इसके बाद उन्हें संदेह हुआ और भेजे गए पास की वास्तविकता को लेकर भी सवाल खड़े हुए।
ठगी का पता चलने के बाद पीड़ितों ने मेरठ साइबर सेल में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। अब मामले में पुलिस द्वारा शिकायत और ऑनलाइन लेन-देन से जुड़े साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
भस्मआरती के नाम पर सामने आए इस मामले ने ऑनलाइन बुकिंग और सोशल मीडिया विज्ञापनों के जरिए होने वाली ठगी को लेकर श्रद्धालुओं के लिए एक बार फिर सावधानी बरतने की जरूरत सामने रखी है।

More Stories
गेबी हनुमान मंदिर के बाहर बुजुर्ग से मारपीट, पांच बच्चों का वीडियो वायरल
सिंहस्थ 2028 की तैयारियों का जायजा लेने CM मोहन यादव का औचक निरीक्षण, सड़क चौड़ीकरण कार्यों की ली जानकारी
उज्जैन पहुंचे CM मोहन यादव, संतों के साथ सिंहस्थ पर किया मंथन; बोले- संत समाज को सही दिशा दिखाते हैं