छिंदवाड़ा। खुद को पत्रकार बताकर लोगों को डराने-धमकाने, फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने और रुपये मांगने के आरोप में बिछुआ पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी लोगों को बदनाम करने और जान से खत्म करने की धमकी देने के साथ-साथ सीएम हेल्पलाइन 181 तथा वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यालय में शिकायत करने की धमकी भी देते थे। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, 19 सितंबर को ग्राम मुर्रा निवासी संदीप पिता श्यामसुंदर साहू (33) और ग्राम पुलपुलडोह निवासी भोलाराम पिता कृष्णा घंगारे (44) ने बिछुआ थाने में अलग-अलग शिकायत आवेदन दिए थे। शिकायतों में कथित तौर पर रुपये मांगने और धमकी देने की जानकारी दी गई थी।
शिकायतों की जांच के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 363/2026 में धारा 308(5) बीएनएस तथा अपराध क्रमांक 365/2026 में धारा 308(5), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया।
मोबाइल ट्रांजैक्शन और सीएम हेल्पलाइन की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा अजय पांडे ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे और एसडीओपी चौरई भारती जाट के मार्गदर्शन में बिछुआ थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश उइके ने पुलिस टीम गठित की।
जांच के दौरान पुलिस ने शिकायतकर्ताओं के मोबाइल फोन में फोन-पे और गूगल-पे की लेन-देन हिस्ट्री की जांच की। इसके साथ ही सीएम हेल्पलाइन 181 पर दर्ज शिकायतों को भी खंगाला गया। पुलिस के अनुसार जांच में शिकायतों में बताए गए घटनाक्रम से संबंधित तथ्य सामने आने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
सायबर सेल की मदद से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सायबर सेल की मदद ली। तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश कर उन्हें अभिरक्षा में लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिर उर्फ साहिल पिता आबिद मंसूरी (30), निवासी ग्राम उमरिया, थाना बिछुआ और चंचलेश पिता स्व. हेमा इंदौरकर (38), निवासी ग्राम खमरा, थाना बिछुआ के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इनमें मोटोरोला और वीवो कंपनी के मोबाइल शामिल हैं। पुलिस इन मोबाइल फोन से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
तीसरा आरोपी फरार, तलाश जारी
मामले में ज्ञानेन्द्र पिता हेमा इंदौरकर, निवासी ग्राम खमरा को पुलिस ने फरार बताया है। उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना अभी जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
दमोह के होटल में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका, एक की मौत; दो गंभीर
सागर में भीषण सड़क हादसा: बस और कार की आमने-सामने टक्कर, 3 लोगों की मौत
अदालती आदेश की अनदेखी पर हाईकोर्ट सख्त, दो IAS अधिकारियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट