उज्जैन। माधव नगर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। बागपुरा निवासी 50 वर्षीय राजेश कुमार देवतवाल, जो प्राइवेट एंबुलेंस चालक हैं, के बैंक खाते से अज्ञात आरोपी ने करीब 2 लाख 9 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजेश कुमार को 16 सितंबर को बैंक खाते का बैलेंस चेक करने पर रकम गायब होने की जानकारी हुई। बैंक रिकॉर्ड के अनुसार, 12 सितंबर को 90 हजार रुपये, जबकि 13 सितंबर को क्रमशः 40 हजार, 20 हजार और 30 हजार रुपये के ट्रांजेक्शन किए गए। इसके बाद 14 सितंबर को भी खाते से 29 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए। इस तरह तीन दिनों में कुल 2.09 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी हुई।
साइबर हेल्पलाइन पर की शिकायत
घटना का पता चलने के बाद राजेश ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर राज्य साइबर सेल भोपाल से ई-जीरो के माध्यम से एफआईआर माधव नगर थाने भेजी गई। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ साइबर फ्रॉड का मामला दर्ज किया।
माधव नगर थाना प्रभारी गजेंद्र पचोरिया ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मोबाइल हैक होने के बाद बैंक खाते से करीब 2.09 लाख रुपये निकाले गए हैं। 19 सितंबर को शिकायत मिलने के बाद अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने मोबाइल को किस तरह हैक किया और ठगी की रकम किन-किन बैंक खातों में ट्रांसफर की गई। पुलिस द्वारा संबंधित बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटाई जा रही है।

More Stories
उज्जैन पहुंचे CM मोहन यादव, संतों के साथ सिंहस्थ पर किया मंथन; बोले- संत समाज को सही दिशा दिखाते हैं
उज्जैन पहुंचे उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह, किए बाबा महाकाल के दर्शन!
उज्जैन में युवा धर्म संसद का आगाज, आज मोहन भागवत युवाओं को करेंगे संबोधित