V India News

Web News Channel

ओंकारेश्वर नहर में नहाने गए 3 मजदूरों की डूबने से मौत!

मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर में दर्दनाक हादसे में तीन मजदूरों की डूबने से मौत हो गई। तीनों मजदूर सड़क निर्माण कार्य के लिए ओंकारेश्वर आए हुए थे और नहाने के दौरान ओंकारेश्वर बांध की मुख्य नहर के तेज बहाव में बह गए।

यह हादसा हेलीपेड कोठी क्षेत्र के पीछे स्थित नहर में हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कुछ घंटों की तलाश के बाद तीनों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान 20 वर्षीय सुनील साहू और 20 वर्षीय भगवानदास साहू, दोनों निवासी सीधी, तथा 25 वर्षीय नितेश यादव निवासी गोपालगंज के रूप में हुई है। तीनों सड़क निर्माण परियोजना में मजदूर के रूप में कार्यरत थे।

बताया जा रहा है कि मोरटक्का-ओंकारेश्वर मार्ग पर कार्य कर रही एक निजी कंपनी के ये कर्मचारी काम खत्म होने के बाद नहर में नहाने पहुंचे थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर साथियों ने उनकी तलाश शुरू की। नहर किनारे तीनों के कपड़े और निजी सामान मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद चलाए गए सर्च ऑपरेशन में तीनों के शव बरामद हुए।

इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है, वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।