V India News

Web News Channel

उज्जैन में पत्नी ने महिला सहकर्मी के साथ पति को पकड़ा, रेस्टोरेंट के बाहर हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा, वीडियो वायरल!

उज्जैन। शहर के कोयला फाटक क्षेत्र में बुधवार शाम एक पारिवारिक विवाद उस समय सड़क पर आ गया, जब स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत एक कर्मचारी को उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों ने महिला सहकर्मी के साथ रेस्टोरेंट में देख लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर विवाद और मारपीट हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, मधुर तिवारी अपनी एक महिला सहकर्मी के साथ शहर के एक रेस्टोरेंट में नाश्ता करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी पत्नी वंदना, साली और ससुर समेत अन्य परिजन वहां पहुंच गए। पत्नी ने पति पर महिला सहकर्मी के साथ संबंध होने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।

वायरल वीडियो में कुछ लोग मधुर तिवारी और उनके साथ मौजूद महिला के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई और कई लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया।

पत्नी और साली ने लगाए गंभीर आरोप

पत्नी वंदना और उनकी बहन का आरोप है कि मधुर तिवारी का अपनी महिला सहकर्मी के साथ प्रेम संबंध है। परिजनों का दावा है कि वे लंबे समय से दोनों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे और बुधवार को दोनों को साथ देखकर उनका गुस्सा फूट पड़ा।

पति ने लगाए प्रताड़ना और पीछा करने के आरोप

वहीं मधुर तिवारी ने आरोप लगाया कि पारिवारिक विवाद के चलते उनका परिवार टूटने की स्थिति में पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि पत्नी और ससुराल पक्ष लगातार उनका पीछा कर रहे हैं। उनका दावा है कि रेस्टोरेंट में उनकी महिला सहकर्मी के साथ भी अभद्रता और मारपीट की गई।

मधुर ने यह भी आरोप लगाया कि उनके घर में रखा सोना गायब है और मारपीट के दौरान उनकी महिला सहकर्मी की गाड़ी की चाबी भी ले ली गई, जिसके बाद वाहन का पता नहीं चल सका। उन्होंने पूरे मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है।

पहले से कोर्ट में चल रहा है विवाद

बताया जा रहा है कि मधुर और वंदना का विवाह करीब सात वर्ष पहले हुआ था। दोनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है और दहेज तथा भरण-पोषण (मेंटेनेंस) से जुड़े मामले न्यायालय में लंबित हैं।

पुलिस शिकायत की तैयारी

घटना के बाद दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। फिलहाल मामला पारिवारिक विवाद और मारपीट से जुड़ा है। पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।