IPL 2026 Final: खिताब बचाने उतरेगी RCB, गुजरात टाइटन्स से होगी महामुकाबले में टक्कर
अहमदाबाद। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार को क्रिकेट प्रेमियों के लिए रोमांच का डबल डोज लेकर आ रहा है। मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटन्स (GT) के बीच खिताबी जंग अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेली जाएगी। मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी। क्वालीफायर-1 में आरसीबी ने गुजरात टाइटन्स को 92 रन से हराकर सीधे फाइनल में प्रवेश किया था। उस मैच में कप्तान रजत पाटीदार ने महज 33 गेंदों में नाबाद 93 रन की विस्फोटक पारी खेली थी, जिसकी बदौलत टीम ने 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था।
रजत पाटीदार के पास इतिहास रचने का मौका
पिछले सीजन आरसीबी को पहला आईपीएल खिताब दिलाने वाले कप्तान रजत पाटीदार के सामने अब ट्रॉफी डिफेंड करने की चुनौती है। अगर बेंगलुरु फाइनल जीतती है तो पाटीदार महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा के बाद लगातार दो सीजन आईपीएल खिताब जीतने वाले कप्तानों की सूची में शामिल हो जाएंगे।
कोहली और भुवनेश्वर पर रहेगी नजर
आरसीबी के लिए विराट कोहली शानदार फॉर्म में हैं और इस सीजन 600 रन बना चुके हैं। वहीं देवदत्त पडिक्कल और कप्तान रजत पाटीदार ने भी बल्लेबाजी में अहम योगदान दिया है। गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार 28 विकेट लेकर टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। उन्हें जोश हेजलवुड, क्रुणाल पांड्या और रासिख सलाम का अच्छा साथ मिला है।
गुजरात टाइटन्स की नजर दूसरे खिताब पर
दूसरी तरफ गुजरात टाइटन्स ने क्वालीफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स को सात विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन की 167 रन की रिकॉर्ड साझेदारी ने टीम को आसान जीत दिलाई थी।
शुभमन गिल 722 रन और साई सुदर्शन 710 रन बनाकर ऑरेंज कैप की दौड़ में बने हुए हैं। वहीं जोस बटलर ने भी पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। गेंदबाजी में कगिसो रबाडा 28 विकेट लेकर पर्पल कैप की रेस में सबसे आगे हैं।
हेड-टू-हेड में RCB को बढ़त
आईपीएल इतिहास में दोनों टीमें अब तक 9 बार आमने-सामने आई हैं। इनमें से 5 मुकाबले आरसीबी ने जीते हैं, जबकि गुजरात टाइटन्स ने 4 मैच अपने नाम किए हैं। इस सीजन खेले गए तीन मुकाबलों में भी आरसीबी ने दो बार जीत दर्ज की है।
हालांकि गुजरात को इस बात का भरोसा होगा कि उसने इसी सीजन अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आरसीबी को हराया था। वहीं आरसीबी के लिए यह मैदान खास है क्योंकि पिछले साल उसने यहीं अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था।
कहां देखें लाइव मुकाबला?
RCB और GT के बीच IPL 2026 फाइनल की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar पर उपलब्ध रहेगी। वहीं मैच का सीधा प्रसारण Star Sports नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर किया जाएगा।
अब देखना दिलचस्प होगा कि रजत पाटीदार की कप्तानी वाली आरसीबी लगातार दूसरा खिताब जीतकर इतिहास रचती है या शुभमन गिल की गुजरात टाइटन्स एक बार फिर चैंपियन बनने का गौरव हासिल करती है।

More Stories
भारत के लिए आज करो या मरो का मैच, वेस्टइंडीज से निर्णायक मुकाबला ईडन गार्डन्स में!
भारत की शर्मनाक हार, ऑस्ट्रेलिया ने 2 विकेट से जीता दूसरा वनडे, सीरीज में अजय बढ़त!
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में मध्य प्रदेश की टीम; मुंबई ने जीता दूसरा ख़िताब!