V India News

Web News Channel

श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिया से गिरी, 6 की मौत; 35 से ज्यादा घायल, कई की हालत गंभीर!

उमरिया/अनूपपुर। मध्य प्रदेश के उमरिया और अनूपपुर जिले की सीमा पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 35 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब धार्मिक स्थल से लौट रही श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरी।

जानकारी के अनुसार, अनूपपुर जिले के गिंजरी और पड़मनिया गांव के ग्रामीण तिवनी जंगल स्थित एक धार्मिक स्थल पर पूजा-अर्चना के लिए गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पुष्पराजगढ़ तहसील के तिवनी गांव के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रॉली करीब 10 फीट गहरी पुलिया के नीचे जा गिरी।

हादसा इतना भीषण था कि ट्रॉली में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। कई लोग वाहन के नीचे दब गए, जबकि बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। एम्बुलेंस की मदद से घायलों को पाली अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के अनुसार, हादसे में दो लोगों की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि चार अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में घनश्याम सिंह (45), भूपत सिंह (50), सहबल बैगा (55) और बीर सिंह (60) शामिल हैं। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

अस्पतालों में घायलों के परिजनों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चिकित्सकों की टीम लगातार घायलों का इलाज कर रही है।

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और पुलिया पर वाहन का संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही कलेक्टर हर्षल पंचोली शहडोल मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से 4-4 लाख रुपये तथा संबल योजना के तहत अतिरिक्त 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।