NEET पेपर लीक के विरोध में भोपाल में बवाल, सीएम हाउस घेराव के दौरान दिग्विजय सिंह समेत कई कांग्रेस नेता हिरासत में
भोपाल। NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक और परीक्षा रद्द कराने की मांग को लेकर शनिवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बड़ा राजनीतिक और छात्र आंदोलन देखने को मिला। छात्र संगठन एनएसयूआई के नेतृत्व में हजारों छात्र सड़कों पर उतरे और मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हुई, जिसके बाद पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया।
शनिवार दोपहर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में छात्र और एनएसयूआई कार्यकर्ता एकत्रित हुए। आंदोलन को समर्थन देने के लिए एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ भी दिल्ली से भोपाल पहुंचे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी से प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं का उत्साह और बढ़ गया।
प्रदर्शनकारियों ने “NEET परीक्षा रद्द करो” और “पेपर लीक के दोषियों को सजा दो” जैसे नारे लगाते हुए मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच किया। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर रखे थे। रास्ते में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था और कई स्थानों पर लोहे के बैरिकेड्स लगाकर रास्ता बंद कर दिया गया था।
जैसे ही प्रदर्शनकारी बैरिकेड्स पार करने का प्रयास करने लगे, पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने बल प्रयोग किया और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। इस दौरान सड़क पर धरने पर बैठे कांग्रेस नेताओं को भी पुलिस ने उठाकर बसों में बैठाया और रातीबड़ क्षेत्र ले जाया गया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की आवाज दबाने के लिए पुलिस का सहारा ले रही है। वहीं प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई है और किसी को भी प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
फिलहाल हिरासत में लिए गए नेताओं और कार्यकर्ताओं को रातीबड़ क्षेत्र में रखा गया है, जबकि एनएसयूआई और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन जारी है।

More Stories
200 गाड़ियों की रैली पड़ी भारी: CM मोहन यादव का BJP नेता सौभाग्य सिंह ठाकुर पर बड़ा एक्शन!
सीएम मोहन यादव ने पीएम मोदी की अपील के बाद लिया बड़ा फैसला, अपने काफिले से घटाए वाहन
PM मोदी की अपील पर बीजेपी नेता ने फेरा पानी…जानें क्या है खबर!