छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर शहर में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया, जब बस स्टैंड क्षेत्र स्थित एक पिज्जा आउटलेट के बाहर खड़ी ई-स्कूटी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास खड़े कई अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना में कुल आठ वाहन जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आउटलेट के बाहर खड़ी एक डिलीवरी ई-स्कूटी से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ। कुछ ही क्षणों बाद तेज आवाज के साथ उसमें आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास खड़े वाहन संभलने का मौका मिलने से पहले ही आग की लपटों में घिर गए।
कुछ मिनटों में राख हुए वाहन
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग लगातार बढ़ती चली गई। दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, तब तक अधिकांश वाहन पूरी तरह जल चुके थे। आग पर काबू पाने के बाद स्थिति सामान्य हुई।
बैटरी में खराबी की आशंका
प्रारंभिक जांच में ई-स्कूटी की बैटरी में शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी के कारण आग लगने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि पुलिस और तकनीकी विशेषज्ञ सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। घटनास्थल के निकट ट्रांसफार्मर होने के कारण बिजली संबंधी कारणों को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने आउटलेट प्रबंधन से घटना से जुड़ी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
गनीमत रही कि हादसे के समय कोई व्यक्ति आग की चपेट में नहीं आया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि घटना ने ई-वाहनों की सुरक्षा और बैटरी प्रबंधन को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

More Stories
अदालती आदेश की अनदेखी पर हाईकोर्ट सख्त, दो IAS अधिकारियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट
टीकमगढ़ में पूर्व पार्षद को महिलाओं ने घेरा, मारपीट का VIDEO वायरल
जबलपुर में तेज रफ्तार डंपर ने महिला शिक्षक को कुचला, इलाज के दौरान मौत