V India News

Web News Channel

दिल्ली के कपल ने उज्जैन के मंदिर परिसर में की सगाई…मंदिर कमेटी करेगी कार्रवाई!

उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर में एक युवक-युवती द्वारा मंदिर परिसर में अंगूठी पहनाने का वीडियो वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में दिल्ली का एक युगल मंदिर के गणेश मंडपम् में खड़े होकर एक-दूसरे को अंगूठी पहनाता दिखाई दे रहा है। मामला सामने आने के बाद महाकाल मंदिर प्रशासन ने इसे नियमों का उल्लंघन मानते हुए कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।

तोड़े मंदिर के नियम

मंदिर प्रशासन के अनुसार, युवक-युवती ने गणेश मंडपम् के प्रथम बैरिकेड क्षेत्र में खड़े होकर यह गतिविधि की, जिससे दर्शन व्यवस्था प्रभावित हुई और श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ा। इतना ही नहीं, पूरे घटनाक्रम का वीडियो शूट कर उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी वायरल किया गया।

महाकाल मंदिर के सहायक प्रशासक आशीष फलवाड़िया ने बताया कि मंदिर परिसर में किसी भी प्रकार की वीडियोग्राफी के लिए पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य है। इसके लिए मंदिर समिति द्वारा निर्धारित शुल्क जमा कर अधिकृत अनुमति दी जाती है। आरोप है कि संबंधित युगल ने बिना अनुमति और शुल्क चुकाए वीडियो शूट किया, जो मंदिर नियमों का सीधा उल्लंघन है।

मना करने के बावजूद वीडियो किया वायरल

प्रशासन का कहना है कि वायरल वीडियो संज्ञान में आने के बाद युवक-युवती से संपर्क कर वीडियो हटाने के लिए कहा गया था। शुरुआती तौर पर वीडियो को निजी कर दिया गया, लेकिन बाद में फिर अन्य वीडियो जोड़कर उसे दोबारा सार्वजनिक कर दिया गया।

कानूनी कार्रवाई की तैयारी

मंदिर समिति अब दर्शन व्यवस्था बाधित करने और बिना अनुमति वीडियोग्राफी करने के मामले में दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है। प्रशासन का कहना है कि धार्मिक स्थलों की मर्यादा बनाए रखने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कार्रवाई जरूरी है।