उज्जैन। बाबा महाकाल के दर्शन के लिए देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को ऑनलाइन ठगी का शिकार बनाने वाले साइबर अपराधियों के खिलाफ उज्जैन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने महाकाल भक्त निवास, माधव सेवा न्यास और शहर के कई प्रतिष्ठित होटलों के नाम पर संचालित 11 फर्जी वेबसाइटों और ऑनलाइन लिंक्स को बंद करवा दिया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि साइबर ठग इंटरनेट पर नकली वेबसाइट बनाकर श्रद्धालुओं को कमरा बुकिंग का झांसा देते थे। श्रद्धालुओं से एडवांस भुगतान लेने के बाद उन्हें फर्जी बुकिंग की रसीद भेज दी जाती थी। जब श्रद्धालु अपने परिवार के साथ उज्जैन पहुंचते थे, तब उन्हें पता चलता था कि उनकी कोई बुकिंग ही नहीं है। इससे लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानी का भी सामना करना पड़ता था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर सेल ने तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान 11 फर्जी वेबसाइटें और संदिग्ध ऑनलाइन लिंक चिन्हित किए गए। इसके बाद पुलिस मुख्यालय भोपाल के माध्यम से संबंधित कंपनियों को सूचना देकर आईटी एक्ट के तहत सभी वेबसाइटों और लिंक्स को ब्लॉक करा दिया गया।
पुलिस ने यह भी बताया कि ट्रिप एडवाइजर और जस्टडायल जैसे प्लेटफॉर्म पर मौजूद कुछ फर्जी लिंक्स को भी हटवाने की कार्रवाई की गई है, ताकि भविष्य में श्रद्धालु किसी धोखाधड़ी का शिकार न हों।
श्रद्धालुओं के लिए पुलिस की एडवाइजरी
उज्जैन पुलिस ने श्रद्धालुओं से होटल, धर्मशाला या भक्त निवास की बुकिंग केवल अधिकृत वेबसाइटों के माध्यम से करने की अपील की है। किसी भी अज्ञात मोबाइल नंबर, सोशल मीडिया लिंक या संदिग्ध वेबसाइट पर भुगतान करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें।
पुलिस ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो वह तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करे या ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के लिए साइबर क्राइम पोर्टल पर संपर्क करे।
पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
दिल्ली के कपल ने उज्जैन के मंदिर परिसर में की सगाई…मंदिर कमेटी करेगी कार्रवाई!
संत प्रेमानंद महाराज की तबियत नासाज, स्वास्थ्य लाभ के लिए उज्जैन में महामृत्युंजय जाप!
उज्जैन; निर्माण स्थल पर दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर की चपेट में आने से 3 वर्षीय मासूम की मौत!