एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट में सोमवार को भारत और अफगानिस्तान के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय टीम टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत इसी मुकाबले से करेगी। मैच जापान के निस्शिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में होगा।
भारत की कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में है। टीम में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, रवि बिश्नोई और वॉशिंगटन सुंदर जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं अफगानिस्तान की कप्तानी दरवेश रसूली कर रहे हैं।
सुबह 10:30 बजे शुरू होगा मुकाबला
भारत और अफगानिस्तान के बीच मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे शुरू होगा। टॉस आधे घंटे पहले होगा। मैच का सीधा प्रसारण Sony Sports Network पर और लाइव स्ट्रीमिंग SonyLIV पर उपलब्ध होगी।
बारिश बन सकती है चुनौती
मुकाबले पर बारिश का खतरा भी बना हुआ है। निस्शिन और नागोया क्षेत्र में खराब मौसम का पूर्वानुमान है। यदि बारिश के कारण मैच पूरी तरह धुल जाता है और कोई परिणाम नहीं निकलता, तो टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार उच्च वरीयता वाली टीम को सेमीफाइनल में प्रवेश मिलेगा। इस स्थिति में भारत को फायदा होगा।
भारत की नजर गोल्ड मेडल पर
भारत एशियन गेम्स में पुरुष क्रिकेट का मौजूदा स्वर्ण पदक विजेता है। 2022 के एशियन गेम्स के फाइनल में भी भारत और अफगानिस्तान आमने-सामने थे, लेकिन बारिश के कारण मुकाबला पूरा नहीं हो सका था और भारत को बेहतर रैंकिंग के आधार पर स्वर्ण पदक मिला था। इस बार भारतीय टीम अपने खिताब की रक्षा के अभियान को जीत के साथ शुरू करना चाहेगी।
अफगानिस्तान ग्रुप चरण से क्वार्टर फाइनल में पहुंचा है। उसने जापान को हराया था, जबकि नेपाल के खिलाफ उसे हार का सामना करना पड़ा। नेपाल और जापान के बीच मैच बारिश के कारण रद्द होने के बाद अफगानिस्तान ग्रुप ए से दूसरे स्थान पर रहकर अंतिम आठ में पहुंचा।

More Stories
भारत-वेस्टइंडीज पहला वनडे आज, तिरुवनंतपुरम में भिड़ेंगी दोनों टीमें; कोहली-रोहित पर रहेंगी नजरें
एशियन गेम्स 2026: भारत के खाते में 3 रजत, शूटिंग में दिखा दम; क्रिकेट फाइनल में पहुंची टीम
सचिन का बड़ा रिकॉर्ड टूटा, ब्रेंडन टेलर बने सबसे लंबे वनडे करियर वाले खिलाड़ी