V India News

Web News Channel

200 गाड़ियों की रैली पड़ी भारी: CM मोहन यादव का BJP नेता सौभाग्य सिंह ठाकुर पर बड़ा एक्शन!

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील के बाद भी 200 गाड़ियों का काफिला निकालना बीजेपी नेता सौभाग्य सिंह ठाकुर को भारी पड़ गया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए सौभाग्य सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही जांच पूरी होने तक उनके सभी प्रशासनिक और वित्तीय अधिकार तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि राष्ट्रहित में प्रधानमंत्री द्वारा की गई अपील और शासन के दिशा-निर्देशों का पालन नहीं करने को गंभीरता से लिया गया है। आदेश के मुताबिक अब सौभाग्य सिंह ठाकुर अगले निर्देश तक पाठ्य पुस्तक निगम से जुड़े किसी भी महत्वपूर्ण फैसले को मंजूरी नहीं दे सकेंगे।

सरकारी सुविधाओं के इस्तेमाल पर भी रोक

सरकार ने उनके खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए निगम कार्यालय, सरकारी वाहन, कर्मचारियों और अन्य संसाधनों के उपयोग पर भी रोक लगा दी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने साफ संदेश दिया कि सार्वजनिक जीवन में दिखावा, फिजूलखर्ची और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पदभार ग्रहण के दौरान निकाली थी भव्य रैली

दरअसल, हाल ही में पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष बनाए गए सौभाग्य सिंह ठाकुर ने पदभार ग्रहण करने के लिए उज्जैन से भोपाल तक समर्थकों के साथ करीब 200 गाड़ियों का काफिला निकाला था। इस भव्य रैली की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए थे, जिसके बाद विपक्ष ने सरकार और बीजेपी को निशाने पर लिया था।

पीएम मोदी ने की थी ईंधन बचाने की अपील

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री Narendra Modi ने 10 मई को हैदराबाद में एक जनसभा के दौरान देशवासियों से पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने की अपील की थी। उन्होंने वैश्विक परिस्थितियों का हवाला देते हुए लोगों से ईंधन बचाने और संयम बरतने को कहा था। पीएम की इसी अपील के कुछ दिन बाद निकली यह रैली विवाद का कारण बन गई।