भोपाल। मध्य प्रदेश सहित देशभर में इस बार ईद-उल-जुहा (बकरीद) 28 मई को मनाई जाएगी। त्योहार को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इसी बीच मध्य प्रदेश सरकार ने बकरीद की सरकारी छुट्टी की तारीख में बदलाव करते हुए नया आदेश जारी कर दिया है। अब प्रदेश में बकरीद का अवकाश 28 मई को रहेगा, जबकि पहले यह छुट्टी 27 मई के लिए घोषित की गई थी।
राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा सोमवार शाम जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ईद-उल-जुहा के अवसर पर 28 मई को प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों, बैंक और वित्तीय संस्थानों में अवकाश रहेगा। वहीं 27 मई को सामान्य दिनों की तरह कामकाज जारी रहेगा।
बताया जा रहा है कि अवकाश की तारीख में बदलाव चांद दिखाई न देने के कारण किया गया है। भारत में ईद-उल-जुहा का चांद तय समय पर नजर नहीं आने के चलते अब त्योहार 28 मई को मनाया जाएगा। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने छुट्टी की तिथि में संशोधन किया है।
गौरतलब है कि दिल्ली और गुजरात सरकारें भी पहले ही बकरीद की छुट्टी की तारीख बदल चुकी हैं। इसके बाद मध्य प्रदेश में भी बैंक कर्मचारियों और संगठनों ने सरकार से अवकाश की तिथि संशोधित करने की मांग की थी। बैंक कर्मियों के संगठनों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर ईद के वास्तविक दिन अवकाश घोषित करने की मांग उठाई थी।
सरकार के नए आदेश के बाद अब प्रदेशभर में 28 मई को बकरीद का त्योहार और सरकारी अवकाश एक साथ रहेगा।

More Stories
भोजशाला मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद सीएम का ऐलान, महाकाल जैसा बनेगा भव्य भोजशाला कोरिडोर…
MP के अस्पताल में मानवता शर्मसार, फर्श पर तड़पती रही गर्भवती महिला, नहीं मिला बेड
पन्ना में निर्माणाधीन कुएं की खुदाई के दौरान बड़ा हादसा, 5 मजदूर की मौत!