V India News

Web News Channel

भोपाल: रिटायर्ड जज और उसके वकील बेटे पर ‘दहेज हत्या’ का केस, बहू की मौत के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन!

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में नवविवाहिता ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 6 सदस्यीय स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया है, जो पूरे प्रकरण की गहराई से जांच करेगी। इस टीम का नेतृत्व असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) रजनीश कश्यप करेंगे। टीम में एक महिला पुलिस अधिकारी को भी शामिल किया गया है।

ACP रजनीश कश्यप ने बताया कि ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह की तलाश के लिए कई पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। समर्थ सिंह और उसके पिता रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज हत्या और प्रताड़ना समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, ट्विशा की मौत के बाद अब SIT दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और सबूत मिटाने के आरोपों सहित हर पहलू की जांच करेगी। वहीं, भोपाल कोर्ट ने रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को अग्रिम जमानत दे दी है, जबकि समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर 18 मई को सुनवाई होनी है।

फंदे से लटका मिला था शव

यह पूरा मामला कटारा हिल्स थाना क्षेत्र का है, जहां मंगलवार रात 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा का शव घर में फंदे से लटका मिला था। घटना के बाद ससुराल पक्ष उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने रात करीब 11 बजे पुलिस को मामले की सूचना दी थी।

ट्विशा के मायके वालों ने इस मौत को हत्या बताया है। परिवार का आरोप है कि पति और सास ने हत्या के बाद आत्महत्या की झूठी कहानी गढ़ी। ट्विशा के पिता और भाई का कहना है कि शादी के बाद से ही उसे प्रताड़ित किया जा रहा था।

डेटिंग ऐप से हुई थी मुलाकात

पुलिस के मुताबिक नोएडा निवासी ट्विशा शर्मा की मुलाकात भोपाल के वकील समर्थ सिंह से साल 2024 में एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। दोनों ने दिसंबर 2025 में शादी की थी। परिजनों का दावा है कि शादी के कुछ समय बाद ही ट्विशा मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी और वह भोपाल छोड़कर वापस नोएडा जाना चाहती थी।

कटारा हिल्स थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।