V India News

Web News Channel

इंदौर की प्लास्टिक फैक्ट्री में आग… सात दमकल और 35 टैंकर पानी से चार घंटे में पाया काबू!

इंदौर में धार रोड स्थित प्लास्टिक का दाना बनाने वाली फैक्ट्री डीयू ड्रॉप एरिगेशन में आज सुबह आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि काला धुआं और गुब्बार दूर से देखा गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाना शुरू किया। पोकलेन मशीन और फायर फाइटिंग रोबोट मंगाया गया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की सात गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। वहीं 35 टैंकर पानी से काबू पाया जा सका। इधर, आग जनी की जानकारी मिलने पर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल भी मौके पर पहुंच गए।

दस किमी दूर तक दिखाई दे रहा था धुआं

आग इतनी भीषण थी कि दस किलोमीटर दूर तक कारखाने से निकलता धुआं दिखाई दे रहा था। आग लगने के बाद आसमान में काले धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और तुरंत प्रशासन और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

चार घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग

भीषण आग को बुझाने में दमकल विभाग की सात गाड़ियों ने मशक्कत की। चार घंटे की मशक्कत के बाद आग को बुझाया जा सका। वहीं पानी डालने में बाधा बन रहे फैक्ट्री के टिन शेड को जेसीबी की मदद से हटाया गया। पानी कम पड़ने पर नगर निगम के अधिकारियों ने आसपास से पानी की व्यवस्था की। गांव के लोगों ने ट्यूबवेल से आग बुझाने के लिए पानी भिजवाया।

आसपास का क्षेत्र खाली कराया

इधर, पुलिस-प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आनन-फानन में आसपास के क्षेत्र को खाली कराया, ताकि किसी तरह की जनहानि न हो। बताया जाता है कि फैक्ट्री में रखा सामान जलकर खाक हो गया है। प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच में जुट गया है।

फैक्ट्री में नहीं थे मजदूर

फैक्टी संचालक मो. जावेद कुरैशी ने बताया आज अमावस्या थी, इसलिए आज लेबर नहीं आए थे। यहां 30 से 35 लोग काम करते हैं, दिन और रात की शिफ्ट चलती हैं।  जावेद ने बताया कि फैक्ट्री परिसर में लगी डीपी में शॉट सर्किट से आग लगी, जो तेजी से फैल गई और पूरी फैक्ट्री को चपेट में ले लिया। प्लास्टिक का दाना भरा होने के कारण आग तेजी से भड़की।