V India News

Web News Channel

रतलाम में बड़ा रेल हादसा टला: राजधानी एक्सप्रेस के AC कोच में लगी भीषण आग!

मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब तिरुवनंतपुरम से दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन स्टेशन जा रही डाउन राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12431) के एक वातानुकूलित कोच में अचानक भीषण आग लग गई। राहत की बात यह रही कि रेलवे कर्मचारियों और यात्रियों की सतर्कता से समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और एक बड़ा रेल हादसा टल गया।

जानकारी के मुताबिक यह घटना सुबह करीब 5:15 बजे कोटा मंडल के अंतर्गत विक्रमगढ़ आलोट और लुनीरिछा रेलवे स्टेशन के बीच हुई। आग राजधानी एक्सप्रेस के बी-1 एसी कोच में लगी, जिसमें उस समय 68 यात्री सवार थे।

कोटा मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि आग लगते ही ट्रेन को तुरंत रोका गया और सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया। साथ ही ओवरहेड बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई ताकि आग और न फैले।

रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि रेलवे स्टाफ, स्थानीय टीम और यात्रियों की मदद से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। कुछ ही देर में आग पर भी काबू पा लिया गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए दूसरे डिब्बों में शिफ्ट किया गया है। ट्रेन के कोटा स्टेशन पहुंचने पर उसमें एक अतिरिक्त कोच जोड़ा जाएगा ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

घटना की सूचना मिलते ही रतलाम के मंडल रेल प्रबंधक मौके पर पहुंचे और दुर्घटना राहत ट्रेन भी घटनास्थल पर रवाना की गई। फिलहाल रेलवे ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।