V India News

Web News Channel

महाकाल के दर पे पहुंची भारतीय महिला क्रिकेट टीम, टी20 विश्व कप के लिए आशीर्वाद लिया!

श्री महाकालेश्वर मंदिर में शनिवार तड़के भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ियों ने बाबा महाकाल के दर्शन कर आगामी टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन के लिए आशीर्वाद मांगा। खिलाड़ियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और नंदी हाल में बैठकर प्रसिद्ध भस्म आरती में भी हिस्सा लिया।

जानकारी के अनुसार, टीम इंडिया की खिलाड़ी सुबह करीब 3 बजे अपने परिवारों के साथ मंदिर पहुंचीं। इस दौरान खिलाड़ियों ने नंदी महाराज के कानों में अपनी मनोकामनाएं भी कहीं और बाबा महाकाल का ध्यान लगाया। मंदिर परिसर में आध्यात्मिक माहौल के बीच खिलाड़ियों ने काफी समय तक पूजा-पाठ किया।

भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर सहित कई खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ इस दौरान मौजूद रहे। टीम की खिलाड़ियों ने कहा कि वे पहले भी कई बार बाबा महाकाल के दर्शन के लिए आ चुकी हैं और हर बार यहां उन्हें दिव्यता, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। खिलाड़ियों ने कहा कि महाकाल की नगरी में आकर उन्हें मानसिक मजबूती और आत्मविश्वास मिलता है।

दर्शन और पूजन के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से भारतीय महिला क्रिकेट टीम का स्वागत और सम्मान भी किया गया। मंदिर प्रशासन ने खिलाड़ियों को प्रसाद और स्मृति चिन्ह भेंट किए तथा आगामी टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएं दीं।