उज्जैन से पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला डॉक्टर ने पुलिस विभाग में पदस्थ एक सब इंस्पेक्टर पर बस यात्रा के दौरान छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है. शिकायत सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और एसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी एसआई को निलंबित कर जांच शुरू करा दी है.
जानकारी के मुताबिक महिला डॉक्टर इंदौर से बस के जरिए नागदा जा रही थीं. इसी बस में सफर कर रहे पुलिस विभाग के सब इंस्पेक्टर मुन्नालाल सोलंकी पर आरोप है कि उन्होंने रास्ते में महिला डॉक्टर के साथ गलत व्यवहार किया. घटना रातड़िया इलाके के पास की बताई जा रही है. नागदा पहुंचने के बाद पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपते हुए पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी.
वीडियो सामने आने के बाद गंभीर हुआ मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा ने आरोपी एसआई को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है. साथ ही पूरे मामले की जांच नागदा मंडी थाना प्रभारी अमृतलाल गवरी को सौंपी गई है. पुलिस अब पीड़िता के बयान के साथ बस में मौजूद यात्रियों और बस कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है. इस बीच घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला की नाराजगी और विरोध की आवाज साफ सुनाई दे रही है. वीडियो सामने आने के बाद मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया है.
सूत्रों के अनुसार आरोपी एसआई पहले भी विवादों में रह चुका है. महिलाओं से अभद्रता और अनुशासनहीनता की शिकायतों के चलते उसे पहले लाइन अटैच भी किया जा चुका था. फिलहाल पुलिस विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है.

More Stories
संन्यासी ले चुकीं हर्षा रिछारिया ने बांटी तलवारें, भरे मंच युवाओं को दे डाली ये खास सलाह!
उज्जैन में दर्दनाक हादसा: निर्माणाधीन नाली में गिरी महिला, पेट के आर-पार हुआ सरिया, हालत नाज़ुक!
महाकाल की शरण में पहुंचीं तमन्ना भाटिया, बोलीं- बाबा का बुलावा आए तभी होते हैं दर्शन!