मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने श्रद्धालुओं में गहरी आस्था और उत्साह का माहौल बना दिया है। मंदिर परिसर के पास सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत चल रहे निर्माण कार्य के दौरान खुदाई में एक विशाल शिवलिंग मिला है।
जानकारी के अनुसार, मंदिर विस्तार परियोजना के तहत प्रीपेड बूथ के पास भारी मशीनों से भूमि समतलीकरण किया जा रहा था। इसी दौरान मिट्टी हटाते समय श्रमिकों को शिवलिंग जैसी आकृति दिखाई दी। इसके बाद तुरंत एहतियात के तौर पर खुदाई का काम रोक दिया गया और क्षेत्र को सुरक्षित कर लिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौके पर पहुंचने लगे। खास बात यह रही कि बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर शिवलिंग मिलने को लोग दैवीय संकेत मान रहे हैं। श्रद्धालु शिवलिंग के दर्शन कर पूजा-अर्चना करते नजर आए।
मंदिर प्रशासन के सहायक प्रशासक आशीष फलवड़िया ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान यह शिवलिंग मिला है और फिलहाल काम को धीमा कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि आगे भी कोई प्राचीन अवशेष मिलते हैं तो आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
वहीं, मंदिर के पुजारी आकाश शर्मा के अनुसार, भस्म आरती के दौरान शिवलिंग का मिलना बेहद शुभ संकेत माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं ने मौके पर पहुंचकर जलाभिषेक भी किया।
प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए निर्माण कार्य अस्थायी रूप से रोक दिया है और पुरातत्व विभाग को इसकी सूचना दे दी गई है। अब विभाग द्वारा शिवलिंग की प्राचीनता और ऐतिहासिक महत्व का विस्तृत परीक्षण किया जाएगा।

More Stories
उज्जैन; मानसिक तनाव में युवक ने शिप्रा नदी में लगाई छलांग, हुई मौत!
महाकाल की शरण में फिल्म एक्ट्रेस निकिता दत्ता, नंदी हॉल में बैठकर लगाया ध्यान, मांगी मन्नत!
कृषि अध्ययनशाला में दहशत, दीवार पर लिखा मिला—‘तुम सब मरोगे’, साथ में मटकी और लाल कपड़ा भी बरामद