मध्यप्रदेश की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। आलोट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय पर एक महिला ने शोषण, उत्पीड़न और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले को लेकर मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस ने राज्यपाल मंगुभाई पटेल से हस्तक्षेप की मांग की है। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी सेतिया के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने भोपाल में राज्यपाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल का दावा है कि पीड़ित महिला ने अपने आरोपों के समर्थन में दस्तावेज और साक्ष्य प्रस्तुत किए हैं। इसके आधार पर निष्पक्ष जांच और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि विधायक ने एक अन्य वृद्ध महिला के घर पर कब्जा किया है। महिला कांग्रेस का कहना है कि संबंधित विधायक के खिलाफ पहले से भी गंभीर मामले दर्ज हैं। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने और उनकी विधायकी समाप्त करने की मांग की।
वहीं, भाजपा विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने इसे एक राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा कि आरोप पूरी तरह निराधार और तथ्यहीन हैं। उनका कहना है कि वे किसी भी ऐसी 70 वर्षीय महिला को नहीं जानते, जिनकी जमीन हड़पने की बात कही जा रही है। उन्होंने विपक्ष से आरोप लगाने के बजाय ठोस प्रमाण पेश करने की बात कही। साथ ही, रीना बोरासी सेतिया पर निशाना साधते हुए उन्होंने उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी और कहा कि वे इस मामले में आपराधिक व मानहानि का मुकदमा दर्ज कराएंगे।

More Stories
छिंदवाड़ा में फिल्मी ड्रामा: दुल्हन ने स्टेज छोड़ प्रेमी को पहनाई वरमाला, बारात लौटी बैरंग!
शिवपुरी के बदरवास में ज्वेलर्स ने खुद को मारी गोली!
ग्वालियर: शादी के दो दिन बाद नवविवाहिता ने की आत्महत्या की कोशिश, फंदा टूटने से बची जान!