मध्यप्रदेश के उज्जैन में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां मानसिक तनाव से परेशान एक 22 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर ली। युवक ने लालपुर के सामने चिंतामण ब्रिज के पास निर्माणाधीन पुल से शिप्रा नदी में छलांग लगा दी।
सूचना मिलते ही एसडीईआरएफ और शिप्रा तैराक दल के गोताखोर मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक की पहचान अंकित (22) पिता विनोद पाटीदार, निवासी ग्राम सुवासा (इंगोरिया) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, घटना वाले दिन परिवार शादी समारोह में गया हुआ था, जबकि अंकित घर पर अपनी बड़ी बहन ज्योति के साथ था। इसी दौरान बहन ने उज्जैन जाकर इलाज कराने की बात कही, जिस पर अंकित भी दोस्त से मिलने की बात कहकर उसके साथ चल पड़ा।
दोनों जंतर-मंतर क्षेत्र में उतरे, जहां अंकित ने बहन से कहा कि वह इलाज करवा ले, तब तक वह दोस्त का इंतजार करेगा और एक घंटे बाद यहीं मिलेंगे। इसके बाद बहन इलाज के लिए चली गई। इसी बीच अंकित चिंतामण ब्रिज के पास निर्माणाधीन पुल पर पहुंचा और शिप्रा नदी में कूद गया।
करीब एक घंटे बाद जब बहन वापस लौटी तो अंकित वहां नहीं मिला। मोबाइल फोन भी बंद मिला। बाद में वह घर पहुंची, लेकिन अंकित वहां भी नहीं आया। चिंतित परिजन शाम को इंगोरिया थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें नीलगंगा थाने जाने को कहा। वहां एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना थी।
परिजन जब नीलगंगा थाने पहुंचे, तो फोटो के आधार पर शव की पहचान अंकित के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि करीब सात साल पहले अंकित का एक्सीडेंट हुआ था, जिसमें उसका एक हाथ प्रभावित हो गया था। इसी वजह से वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था। आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।

More Stories
महाकाल मंदिर के पास खुदाई में मिला प्राचीन शिवलिंग, श्रद्धालुओं में उत्साह; निर्माण कार्य रोका गया!
महाकाल की शरण में फिल्म एक्ट्रेस निकिता दत्ता, नंदी हॉल में बैठकर लगाया ध्यान, मांगी मन्नत!
कृषि अध्ययनशाला में दहशत, दीवार पर लिखा मिला—‘तुम सब मरोगे’, साथ में मटकी और लाल कपड़ा भी बरामद