V India News

Web News Channel

जबलपुर: शादी में बवाल, युवक को चप्पलों की माला पहनाकर गांव में घुमाया!

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी समारोह में शुरू हुआ विवाद अगले दिन सरेआम अपमान और हिंसा में बदल गया. गांव में एक युवक को कथित तौर पर जूतों-चप्पलों की माला पहनाकर पूरे इलाके में घुमाया गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार घटना ग्राम बम्हनी की है, जहां मंगलवार रात यादव परिवार में शादी समारोह चल रहा था. डीजे पर नाचने के दौरान यादव और रैकवार परिवार के युवकों के बीच कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया. उस समय मामला किसी तरह शांत करा दिया गया, लेकिन दोनों पक्षों के बीच तनाव बना रहा.

चप्पलों की माला पहनाकर युवक को गांव में घुमाया

बुधवार को माता पूजन कार्यक्रम के दौरान विवाद फिर भड़क उठा. आरोप है कि यादव परिवार के कुछ लोगों ने रैकवार समाज के एक युवक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की. इसके बाद युवक के गले में जूतों और चप्पलों की माला डालकर उसे गांव की सड़कों पर घुमाया गया. वायरल वीडियो में युवक बेहद डरा और बेबस दिखाई दे रहा है. कुछ लोग उसे गमछे से पकड़कर ले जाते नजर आ रहे हैं, जबकि पीछे भीड़ तमाशबीन बनी हुई है. वीडियो में कुछ महिलाएं विरोध करती भी दिखाई दे रही हैं, लेकिन किसी ने युवक को बचाने की कोशिश नहीं की.

गांव में तनाव का माहौल

करीब 1 मिनट 21 सेकंड के इस वीडियो ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. बताया जा रहा है कि युवक को अपमानित करने के बाद आरोपी उसे बाइक पर बैठाकर थाने तक ले गए. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. मामला सामने आने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.