मध्य प्रदेश के धार जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को उजाड़ दिया। इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिकलिया फाटा के पास टायर फटने से अनियंत्रित हुई एक पिकअप वाहन डिवाइडर पार कर पलट गई और दूसरी ओर जा रही स्कॉर्पियो से जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में 6 मासूम बच्चे भी शामिल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप वाहन तेज रफ्तार में था और उसमें करीब 45 से अधिक मजदूर सवार थे। अचानक टायर फटने से वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा। पिकअप डिवाइडर पार कर गलत दिशा में पहुंच गया और सामने से आ रही स्कॉर्पियो से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप ने 3-4 बार पलटी खाई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
प्रशासन के अनुसार, 7 गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज धार और आसपास के अस्पतालों में जारी है। अस्पतालों में डॉक्टरों की विशेष टीम तैनात की गई है और घायलों को हर संभव इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस हादसे पर नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की गई है।
वहीं डॉ. मोहन यादव ने भी हादसे पर शोक जताते हुए मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी घायलों का इलाज निशुल्क कराया जाए और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और टायर फटना इस हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है।

More Stories
छिंदवाड़ा में फिल्मी ड्रामा: दुल्हन ने स्टेज छोड़ प्रेमी को पहनाई वरमाला, बारात लौटी बैरंग!
आलोट विधायक पर गंभीर आरोप: महिला कांग्रेस ने राज्यपाल से की जांच और कार्रवाई की मांग!
शिवपुरी के बदरवास में ज्वेलर्स ने खुद को मारी गोली!