मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। मुरैना से उज्जैन जा रही बारातियों से भरी बस काचरी गांव के पास नेशनल हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, मुरैना के तोमर परिवार की बारात उज्जैन जा रही थी। बस में करीब 45 लोग सवार थे। सुबह करीब 6 बजे ब्यावरा शहर से पहले काचरी गांव के पास तेज रफ्तार बस अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे यात्री एक-दूसरे के ऊपर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। कई यात्री सीटों के बीच बुरी तरह फंसे हुए थे। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा गया।
सभी घायलों को ब्यावरा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। 26 घायलों में से 8 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सिर, छाती और रीढ़ में गंभीर चोट होने के कारण इन आठ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है। बाकी 18 घायलों का इलाज ब्यावरा में जारी है।
हादसे की खबर मिलते ही मुरैना और उज्जैन दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। शादी की तैयारियां मातम में बदल गईं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

More Stories
छिंदवाड़ा में फिल्मी ड्रामा: दुल्हन ने स्टेज छोड़ प्रेमी को पहनाई वरमाला, बारात लौटी बैरंग!
आलोट विधायक पर गंभीर आरोप: महिला कांग्रेस ने राज्यपाल से की जांच और कार्रवाई की मांग!
शिवपुरी के बदरवास में ज्वेलर्स ने खुद को मारी गोली!