भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव इन दिनों पश्चिम बंगाल के चुनाव में एड़ी चोटी का जोर लगाए हैं. गलियों में बीजेपी के लिए प्रचार करते मुख्यमंत्री रेहड़ी वालों से मिलते फुटपाथ किनारे दुकान लगाते आम नागरिकों से मिलकर पसीना बहा रहे हैं. और इसी बहाने बंगाल की सियासी नब्ज भी पकड़ रहे हैं.
2 दिन के पश्चिम बंगाल के चुनावी दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि “बंगाल की जनता अब ठहराव नहीं परिवर्तन चाहती है.” उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि “जिस बंगाल का उदाहरण दिया जाता था, वहां अब गरीबी के हालात हैं.”
बंगाल की गली-गली में घूमे मोहन यादव
2 दिन के चुनावी दौरे पर पश्चिम बंगाल पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव कोलकाता के कमरहाटी के वार्ड क्रमांक 24 और 112 में पहुंचे. यहां उन्होंने गलियों में और घरों में भी वोट के लिए दस्तक दी और दुकानों पर पहुंचकर यहां के आम लोगों से बातचीत की. उन्होंने बीजेपी के पक्ष में वोट डालने की अपील की.
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन जाने पर तेजी से उनकी समस्याओं का निपटारा किया जाएगा. वहां मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि “कोलकाता के अंदरूनी इलाकों में बहुत गरीबी है और हालात खराब हैं. यहां युवाओं के पास रोजगार नहीं है, मजबूरी में लोगों को परिवार का पालन पोषण करने के लिए पलायन करना पड़ रहा है.
‘लगातार गर्त में जा रहा है बंगाल
सीएम डॉ मोहन यादव ने प्रचार के दौरान मीडिया से बातचीत में कहा कि वर्षों से विकास की दौड़ में पीछे छूटा पश्चिम बंगाल, डबल इंजन सरकार में नई ऊर्जा, नई दिशा और तेज प्रगति के साथ आगे बढ़ेगा. हर वर्ग के जीवन में वास्तविक परिवर्तन दिखाई देगा.
उन्होंने कहा कि “एक समय था कि जब पश्चिम बंगाल देश का सबसे अच्छा प्रांत हुआ करता था लेकिन पहले लंबे समय तक कम्युनिस्ट पार्टी ने और फिर टीएमसी की सरकार ने बंगाल का बेड़ा गर्क कर दिया. बंगाल के अंदर विकास की असीमित संभावनाएं हैं. अब बंगाल की जनता टीएमसी से मुक्ति चाहती है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बंगाल की भी प्रगति चाहती है.”

More Stories
कृषि मेले में जाने से रोके गए जीतू पटवारी, सरकार पर बोला हमला!
कैलाश विजयवर्गीय बोले- बंगाल गया तो गिरफ्तार हो जाऊंगा…
मोनालिसा मामले में सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने किया खुलासा, कहा ‘मोनालिसा नाबालिग है’