उज्जैन जिले के महिदपुर रोड पर शुक्रवार को मामूली सड़क हादसा हिंसक झड़प में बदल गया। ग्राम गोगापुर में दो बाइकों की टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि महिदपुर थाने के बाहर पुलिस पर पथराव कर दिया गया, जिसमें टीआई समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 11:30 बजे गोगापुर में दो बाइकों की टक्कर हो गई थी। हादसे के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जिसमें बंजारा समाज के लोग भी शामिल हो गए। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया।
हालांकि, कुछ देर बाद एक पक्ष के लोग महिदपुर रोड थाने के पास पोरवाल धर्मशाला के बाहर इकट्ठा होकर हंगामा करने लगे। स्थिति संभालने पहुंचे टीआई रामसिंह भाबोर, एएसआई सुरेशचंद्र सोनगरा, प्रधान आरक्षक समरथलाल और आरक्षक मदन पग्गी सहित अन्य पुलिसकर्मियों पर अचानक पथराव शुरू कर दिया गया।
इस हमले में टीआई भाबोर के सिर और आंख के पास गंभीर चोट आई, जबकि अन्य तीन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। सभी को तत्काल महिदपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां टीआई और एक प्रधान आरक्षक को भर्ती किया गया है।
घटना के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित आठ नामजद आरोपियों और करीब 20 अन्य लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, बलवा और पथराव जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है। मामले ने क्षेत्र में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है, वहीं पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच में जुटी हुई है।

More Stories
महामंडलेश्वर ज्ञानदास पर दुष्कर्म सहित गंभीर आरोप, एफआईआर दर्ज; पुलिस जांच में जुटी!
युवक ने जहर खाने से पहले बनाया वीडियो, इलाज के दौरान मौत; पुलिस जांच में जुटी!
महाकाल मंदिर क्षेत्र में पुजारी का 80 हजार का मोबाइल चोरी, दो मिनट में बदमाशों ने थैली की आड़ में दिया वारदात को अंजाम