V India News

Web News Channel

आंबेडकर अपमान मामला गरमाया, भीषण गर्मी में धरने पर मंत्री-विधायक!

बुरहानपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के अड़गांव में गुरुवार रात बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का फ्लेक्स बैनर फाड़े जाने से माहौल तनावपूर्ण हो गया है। घटना ने अब बड़े जनआंदोलन का रूप ले लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज समाजजन शनिवार को सड़कों पर उतर आए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। हालात इतने गंभीर हो गए कि जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट और विधायक अर्चना चिटनिस को खुद प्रदर्शनकारियों के बीच आकर जमीन पर बैठना पड़ा।

बताया जा रहा है कि शाहपुर के अडगांव में आंबेडकर जयंती के पहले कुछ असामाजिक तत्वों ने बाबा साहब का बैनर फाड़ दिया था। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर 24 घंटे में गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था, लेकिन तय समय में कार्रवाई न होने से लोगों का गुस्सा भड़क गया।

शनिवार को बड़ी संख्या में लोग कलेक्ट्रेट परिसर में इकट्ठा हुए और नारेबाजी शुरू कर दी। 41 डिग्री की भीषण गर्मी में माहौल और भी गरम हो गया। स्थिति को संभालने के लिए मंत्री सिलावट और विधायक चिटनिस खुद मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी बात सुनी।

मंत्री सिलावट ने कहा कि डॉ. आंबेडकर देश का गौरव हैं, उनके अपमान को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। मंत्री की इस बात के बावजूद प्रदर्शनकारी आरोपियों की गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रखने पर अड़े रहे। इस दौरान भीम आर्मी के पदाधिकारियों दत्तू मेड, माया बाई तथा समाजजनों ने स्पष्ट कहा कि हमें केवल आश्वासन नहीं, कार्रवाई चाहिए। जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होंगे, हम पीछे नहीं हटेंगे।

इधर मंत्री ने अन्य मुद्दों पर भी संज्ञान लिया और क्रिटिकल केयर सेंटर में कथित भ्रष्टाचार की जांच के निर्देश दिए गए, वहीं ताप्ती नदी में मृत मछलियों के मामले में भी अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए। बहरहाल अडगांव विवाद ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि पुलिस कब तक आरोपियों को गिरफ्तार कर स्थिति को सामान्य कर पाती है।