उज्जैन; महाकालेश्वर मंदिर से जुड़े एक पुजारी दुबई में फंसे होने की सूचना से परिवार और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। जानकारी के अनुसार फ्लाइट रद्द होने के कारण वे निर्धारित समय पर भारत वापस नहीं लौट पाए। परिजनों ने बताया कि पुजारी फिलहाल सुरक्षित हैं और दुबई में एक होटल में ठहरे हुए हैं। उन्होंने फोन के माध्यम से परिवार को अपनी कुशलता की जानकारी दी है। हालांकि यात्रा में अनिश्चितता के कारण परिवार चिंतित है।
मामले की जानकारी संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को भी दी गई है। बताया जा रहा है कि स्थिति सामान्य होते ही वे भारत लौट आएंगे। इस घटना के बाद विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों के बीच भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
जानकारी के मुताबिक वे ज्योतिष सम्मेलन में शामिल होने के लिए दुबई गए थे, लेकिन युद्ध के कारण हालात बिगड़ने से दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से उनकी वापसी रुक गई। उड़ानों पर असर पड़ने के चलते उन्हें वापस लौटना पड़ा और फिलहाल वे वहीं रुके हुए हैं। उज्जैन में रह रहे उनके परिजन चिंता में हैं और उनकी सुरक्षित वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं। परिवार ने भारत सरकार से हस्तक्षेप कर सुरक्षित स्वदेश वापसी सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है।
उज्जैन में परिजन हैं चिंतित
उज्जैन निवास में परिजन रात से काफी चिंतित हैं। बड़े भाई आशीष पुजारी ने प्रशासन के आला अधिकारियों से लेकर भारत सरकार तक संपर्क साधे हुए हैं। उन्हें आश्वासन दिया जा रहा है कि दुबई में फंसे विकास पुजारी को सकुशल वापस लाया जाएगा।
एयरपोर्ट से लौटना पड़ा होटल
वहीं, दुबई से वीडियो जारी कर विकास पुजारी ने कहा कि वह 22 फरवरी को दुबई आए थे। यहां उन्होंने सत्संग और ज्योतिष के आयोजन में भाग लिया और एक अच्छा आयोजन हुआ। दुबई से इंदौर के लिए फ्लाइट में बैठे थे लेकिन उन्हें यह कहा गया कि युद्ध के कारण फ्लाइट कैंसिल हो चुकी है। वे पुनः होटल लौट आए।
बड़े भाई आशीष पुजारी का कहना है कि उनका छोटा भाई दुबई में है जो कि अभी सकुशल है । अलग-अलग स्तर पर सरकार से बात चल रही है। बाबा महाकाल से प्रार्थना की गई है कि सभी देशवासियों को सकुशल रखें।
एमपी के कई लोग फंसे
गौरतलब है कि इंदौर से अरब देशों के लिए सीधी फ्लाइट है। ईरान के हमले के बाद इंदौर से जाने वाली फ्लाइट रद्द है। इसकी वजह से कई लोग दुबई में फंस गए हैं। इंदौर के कई कारोबारी और पूर्व विधायक संजय शुक्ला भी वहां फंसे हुए हैं।

More Stories
बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचे पूर्व उपराष्ट्रपति!
महाकाल मंदिर के लड्डू प्रसादी की खराब गुणवत्ता बताने पर कंटेंट क्रिएटर पर केस दर्ज!
होली पर महाकालेश्वर में नहीं उड़ेगा रंग-गुलाल! होली खेलने पर लगा बैन!