V India News

Web News Channel

MP; माता टेकरी मंदिर में मधुमक्खियों का हमला, 8 श्रद्धालु घायल!

देवास। चामुंडा टेकरी स्थित छोटी माता मंदिर क्षेत्र में अचानक मधुमक्खियों के हमले से श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में एक ही परिवार 5 लोग सहित 8 लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद प्रशासन के अधिकारी भी मरीजों से मिलने अस्पताल पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

महू से देवास माता दर्शन के लिए पहुंचा था परिवार

जानकारी के अनुसार आयुष पिता सुनील कोठारी निवासी महू, उनकी माता सीमा पति सुनील कोठारी (43), नानी विनीता देवी पति राजेंद्र प्रसाद (62) सहित परिवार के अन्य सदस्य महू से देवास में चामुंडा माता के दर्शन करने आए थे। जब वे छोटी माता मंदिर क्षेत्र में पहुंचे तभी अचानक मधुमक्खियों का झुंड निकल आया और वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। इस हमले में परिवार के करीब पांच सदस्य सहित करीब 8 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को देवास जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार जारी है।

मंदिर प्रभारी और तहसीलदार पहुंचे अस्पताल

घटना की जानकारी मिलते ही मां चामुंडा सेवा समिति के प्रभारी कपिल गुर्जर जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। मीडिया से चर्चा में उन्होंने बताया कि छोटी माता मंदिर की ओर छत के पास से अचानक मधुमक्खियों का झुंड निकल आया, जिससे समिति के चार कर्मचारी और तीन से चार दर्शनार्थी घायल हुए हैं। फिलहाल सभी घायलों की स्थिति सामान्य है और जिला अस्पताल में उनका उपचार जारी है।

छत्ते की वन विभाग को दी गई थी सूचना

कपिल गुर्जर ने बताया कि मधुमक्खियों के छत्ते को हटाने के लिए वन विभाग को सूचना दे दी गई है। वन मंडल के डिप्टी रेंजर श्याम शर्मा को निर्देश दिए गए हैं, जिसके बाद वन विभाग की टीम टेकरी क्षेत्र में पहुंचकर छत्ते को हटाने और परिसर की सफाई का काम शुरू कर चुकी है।