V India News

Web News Channel

MP की पूर्व CM उमा भारती ने किया बड़ा ऐलान, कहा ‘2029 का चुनाव झांसी से ही लड़ूंगी’

मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे 2029 का लोकसभा चुनाव झांसी से लड़ेंगी। उमा भारती ने कहा कि अगर मैं चुनाव लडूंगी तो झांसी से ही लडूंगी, मेरी इच्छा लोकसभा चुनाव लड़ने की है। पार्टी कहेगी तो चुनाव लडूंगी, मना नहीं करूंगी।

शुरू करेंगी बड़ा अभियान

पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि वे राजनीति में हाशिए पर नहीं हैं और फिलहाल गाय और गंगा संरक्षण के कार्यों में पूरी निष्ठा से लगी हुई हैं। उन्होंने कहा कि उनका यह कार्य किसी राजनीतिक स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि समाजसेवा की भावना से है। उमा भारती ने आगे जानकारी दी कि गोपाष्टमी के मौके पर वे गौ संवर्धन अभियान की शुरुआत करेंगी, जो डेढ़ साल तक चलेगा। इस अभियान के तहत नए गोचर तैयार किए जाएंगे और ग्राम पंचायतों से सहयोग लेकर किसानों को इससे जोड़ा जाएगा।

लाड़ली बहनों को दी जाए गाय

उमा भारती ने सुझाव देते हुए कहा कि लाड़ली बहनों को दो-दो गाय दी जानी चाहिए, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें। गाय तब बचेगी जब किसान उसे बचाना चाहेगा, गाय और गंगा आत्मनिर्भर भारत की धुरी हैं। इसके अलावा उन्होंने बताया कि 4 नवंबर से गंगा सफाई अभियान शुरू किया जाएगा, जिसमें देशभर से प्रमुख लोग प्रयागराज पहुंचेंगे। उमा भारती ने कहा कि जैसे अरब देशों की अर्थव्यवस्था पेट्रोलियम पर निर्भर है, वैसे ही भारत को गाय और गंगा आधारित आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।