मनमोहन सिंह ने 92 वर्ष की आयु में दिल्ली एम्स में गुरुवार रात अंतिम सांस ली थी। आज दिल्ली के निगम बोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार होगा। इससे पहले, शुक्रवार को उनके आवास पर पीएम मोदी-राष्ट्रपति मुर्मू समेत देश के तमाम नेताओं ने श्रद्धांजलि दी।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर को आज सुबह आठ बजे नई दिल्ली में अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय लाया जाएगा। यहां आम जनता अंतिम बार पूर्व पीएम के अंतिम दर्शन कर सकेगी। इसके बाद कांग्रेस मुख्यालय से ही पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जाएगा।
पूर्व प्रधानमंत्री और देश में आर्थिक उदारीकरण के पुरोधा डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को दिल्ली के निगम बोध घाट पर सुबह 11:45 बजे पूरे राजकीय सम्मान से होगा। सुबह 8:30 बजे से डॉ. सिंह का पार्थिव शरीर कांग्रेस मुख्यालय में रखा जाएगा, जहां पार्टी कार्यकर्ता व आम जनता उनके दर्शन कर सकेगी। इसके बाद, सुबह 9:30 बजे से उनकी अंतिम यात्रा शुरू होगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम नरेंद्र मोदी समेत सभी दलों के दिग्गज नेताओं ने दिवंगत डॉ. सिंह को शुक्रवार को उनके निवास पर श्रद्धांजलि दी। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कई केंद्रीय मंत्री उनके निवास पर पहुंचने वालों में शामिल थे। सभी ने सिंह की पत्नी गुरशरण कौर व परिवार के सदस्यों को सांत्वना दी और दुख को सहन करने के लिए ढांढ़स बंधाया।
1 जनवरी तक राजकीय शोक, झुका रहेगा तिरंगा
सरकार ने देश में 1 जनवरी तक सात दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। इस दौरान, देश में और सभी भारतीय दूतावासों व उच्चायोगों में भी राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा आधा झुका रहेगा। केंद्र के सभी कार्यालयों और सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों में शनिवार को आधे दिन अवकाश रहेगा।

More Stories
बंगाल और असम में भाजपा की ऐतिहासिक जीत: पीएम मोदी बोले- गंगोत्री से गंगासागर तक खिला कमल!
ऑटो डेबिट सिस्टम में बड़ा बदलाव, EMI कटने से पहले अब 24 घंटे पहले मिलेगा अलर्ट!
चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में चुनाव की तारीखों का एलान आज!