नई दिल्ली। देशभर के बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल को टाल दिया गया है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने रविवार रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के साथ हुई बातचीत के बाद हड़ताल स्थगित करने का फैसला लिया। इसके चलते सोमवार, 28 सितंबर को बैंक शाखाओं में सामान्य रूप से कामकाज होने की उम्मीद है।
प्रस्तावित हड़ताल ऐसे समय होने वाली थी, जब 30 सितंबर को बैंकों की छमाही क्लोजिंग भी होती है। ऐसे में लगातार तीन दिन की हड़ताल से शाखाओं में नकद लेनदेन, चेक क्लियरिंग और अन्य बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका थी।
रात 9:30 बजे हुई बैठक के बाद टली हड़ताल
रविवार रात करीब 9:30 बजे IBA और UFBU के प्रतिनिधियों के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें बैंक यूनियनों की लंबे समय से लंबित मांगों पर चर्चा की गई। पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह और सभी शनिवार को अवकाश घोषित करने की मांग प्रमुख मुद्दों में शामिल रही।
बैठक में लंबित मुद्दों पर आगे बातचीत और समाधान की दिशा में कदम बढ़ाने पर सहमति बनने के बाद UFBU ने 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल को टालने का निर्णय लिया।
सभी शनिवार की छुट्टी पर बनेगी हाई-लेवल कमेटी
बैंक कर्मचारी लंबे समय से सप्ताह में पांच दिन काम करने की व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहे हैं। वर्तमान व्यवस्था में बैंक महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बंद रहते हैं, जबकि यूनियनों की मांग सभी शनिवार को अवकाश घोषित करने की है।
इस मुद्दे पर अब IBA और UFBU के प्रतिनिधियों की एक उच्चस्तरीय समिति गठित की जाएगी। समिति बाकी शनिवारों को बैंक अवकाश घोषित करने की मांग और उससे जुड़े विभिन्न विकल्पों पर विचार करेगी। संबंधित पक्षों से चर्चा के बाद ऐसा समाधान तलाशने का प्रयास किया जाएगा, जिससे कर्मचारियों की मांग और ग्राहकों की बैंकिंग जरूरतों के बीच संतुलन बनाया जा सके।
PLI स्कीम पर भी होगी चर्चा
हड़ताल के मुद्दों में परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) स्कीम भी शामिल रही। विशेष रूप से स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों से संबंधित PLI व्यवस्था को लेकर यूनियनों ने अपनी चिंताएं रखी हैं। इस विषय पर भी IBA और UFBU के बीच आगे चर्चा होगी।
इसके अलावा दोनों पक्ष अन्य लंबित मुद्दों को बातचीत के जरिए सुलझाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।
आज सामान्य रूप से खुलेंगे बैंक
तीन दिवसीय हड़ताल स्थगित होने के बाद सोमवार से बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज जारी रहने की उम्मीद है। इससे उन ग्राहकों और कारोबारियों को राहत मिली है, जिन्हें सितंबर के आखिरी दिनों में महत्वपूर्ण बैंकिंग लेनदेन करने हैं।
अब बैंक कर्मचारियों और यूनियनों की नजर पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह सहित अन्य मांगों पर गठित होने वाली उच्चस्तरीय समिति और आगामी वार्ताओं पर रहेगी।

More Stories
देशभर में भारी बारिश का कहर, कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात!
देश की पहली एलएनजी-डीजल दोहरे ईंधन वाली ट्रेन आज से पटरी पर!
UP International Trade Show 2026 का आज आगाज, अमित शाह करेंगे उद्घाटन; 88 देशों के खरीदार होंगे शामिल